Bareilly : महाशिवरात्रि पर शिव से जुड़ी आकृतियों से सजेगी नाथनगरी
बरेली, अमृत विचार। महाशिवरात्रि पर नाथनगरी भव्य और आकर्षक रूप में नजर आएगा। बरेली विकास प्राधिकारण (बीडीए) ने शहर को फूलों से सजाने और बड़े स्तर पर फ्लावर शो के सात दिवसीय आयोजन की तैयारी तेज कर दी है। नाथनगरी को भगवान शिव से जुड़ी आकृतियों के रूप में फूलों से अलग-अलग सजावट की जाएगी। इसी को लेकर शुक्रवार को बीडीए कार्यालय में अहम बैठक बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें शहर के प्रमुख सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक का फोकस महाशिवरात्रि के अवसर पर सात दिन तक शहर को नई पहचान देने और शहर को सांस्कृतिक व सौंदर्यात्मक रूप से सुसज्जित करने पर रहा। बीडीए उपाध्यक्ष के समक्ष व्यापार मंडल, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स, ज्वैलर्स एसोसिएशन, होटल एवं बैंक्वेट हॉल एसोसिएशन, बिल्डर्स, आर्किटेक्ट्स और आईआईए जैसी संस्थाओं के पदाधिकारियों ने आयोजन को यादगार बनाने के लिए अपने सुझाव रखे। जिसके बाद निर्णय लिया गया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर करीब एक सप्ताह तक बरेली के प्रमुख चौराहों, मुख्य सड़कों, डिवाइडरों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जाएगा, ताकि शहर में उत्सव का माहौल बनाया जा सके।
बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि इस बार फूलों की सजावट को भगवान शिव से जुड़े प्रतीकों के रूप में सजाया जाएगा। भगवान शिव से संबंधित शिवलिंग, डमरू, त्रिशूल, चंद्रमा और सर्प जैसे प्रतीकों को फूलों के माध्यम से उकेरा जाएगा, जिससे श्रद्धा के साथ-साथ सौंदर्य का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इसके साथ ही फ्लावर शो की थीम को केवल धार्मिक तक सीमित न रखते हुए विज्ञान, तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा, स्वच्छता और सतत विकास जैसे विषयों को भी शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसका उद्देश्य लोगों को आकर्षक सजावट के जरिये सकारात्मक और जागरूकता से जुड़े संदेश देना है।
बैठक में यह भी तय हुआ कि शहर की मुख्य सड़कों को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा जाएगा और प्रत्येक सेक्टर की अलग थीम होगी। इस आयोजन में शहर के स्थानीय व्यापारिक और सामाजिक संगठनों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। संगठन किसी एक चौराहे या सेक्टर को गोद लेकर वहां फूलों की सजावट कराएंगे। इससे नागरिकों की सीधी सहभागिता भी सुनिश्चित होगी।
बीडीए कार्यालय और रुद्रावनम पार्क बनेगा मुख्य आकर्षण
बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से ग्रेटर बरेली स्थित रुद्रावनम पार्क और प्राधिकरण कार्यालय परिसर को विशेष रूप से सजाने का निर्णय लिया गया, जिन्हें फ्लावर शो का प्रमुख आकर्षण बनाया जाएगा। यहां बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। बैठक के दौरान बीडीए उपाध्यक्ष ने सभी संगठनों से मिलकर काम करने की अपील की और कहा सभी के सहयोग से ही बरेली को महाशिवरात्रि पर एक भव्य और यादगार रूप दिया जा सकता है।
