Bareilly : दलित नाबालिग को निर्वस्त्र कर पीटा, वीडियो वायरल हुआ तो हरकत में आई पुलिस
बरेली, अमृत विचार। कैंट थाना क्षेत्र में दबंगों ने नाबालिग दलित को उसके घर के पास से अपहरण कर लिया। इसके बाद चनेहटा रोड के किनारे तालाब के पास ले जाकर निर्वस्त्र कर बुरी तरह से पिटाई की। मारपीट के दौरान आरोपियों ने तमंचे और चाकू के बल नाबालिग को निर्वस्त्र कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। नाबालिग की मां ने पांच दबंगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के सदर बाजार स्थित वाल्मीकि मोहल्ले के रहने वाली महिला ने बताया उसके पति मजदूरी करते हैं। जबकि, वह एक प्राइवेट स्कूल में काम करती है। नाबालिग की मां ने पुलिस को बताया कि 31 दिसंबर की रात उसका 16 वर्षीय बेटा घर के पास टहल रहा था। आरोप है कि आहिर मोहल्ला का रहने वाला मुकुल यादव, सुभाष यादव उर्फ एडी, सुल्तान, आयुष और बासु उसके घर के पास पहुंचे। जहां बेटे को जबरन बाइक पर बिठा कर अपने साथ चनेहटा रोड स्थित बने तालाब के पास ले गए। तमंचे और चाकू के दम पर नाबालिग युवक को बुरी तरह से पीटा गया। आरोपियों ने मारपीट कर उसको निर्वस्त्र कर दोबारा से उसकी पिटाई लगाई और घटनाक्रम का पूरा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इस दौरान नाबालिग किसी तरह अपना नेकर आरोपियों से छीनकर मौके से भागकर अपनी जान बचाया। घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। पीड़ित की मां की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। चर्चा है कि नाबालिग की मुकुल यादव से कुछ दिन पहले ही इंस्टाग्राम पर किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। इस पर मुकुल यादव ने उसे 15 जनवरी तक जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद से ही दबंग नाबालिग की तलाश कर रहे थे।
चैंबर में घुसकर अधिवक्ता पर की थी फायरिंग
नाबालिग दलित युवक को निर्वस्त्र कर पीटने और उसकी वीडियो बनाने के मामले का आरोपी सुल्तान बीते साल जनवरी माह में कचहरी में पहुंचकर अधिवक्ता राजाराम सोलंकी पर फायर कर दिया था। पहला फायर मिस होने पर दूसरा फायर किया गया था। जो दीवार में जाकर लगा था। आरोपी तीसरा फायर करना चाह रहा था। इस दौरान अधिवक्ताओं ने उसे दबोच लिया था। इसके बाद वकीलों ने पीटकर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया था।
