Volleyball Championship: बरेका के नवीन कुमार राय बने राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप के ऑब्जर्वर, रेलवे टीम को पहले भी दिलाया था गोल्ड
वाराणसीः बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कार्यालय अधीक्षक नवीन कुमार राय को 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे पुरुष टीम के ऑब्जर्वर के रूप में नियुक्त किया गया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 4 से 11 जनवरी तक डॉ. संपूर्णानंद स्टेडियम में आयोजित की जा रही है। राय का यह चयन वॉलीबॉल के क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक अनुभव, तकनीकी दक्षता, निष्ठा एवं समर्पण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बरेका परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी है तथा सफल दायित्व निर्वहन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। वर्तमान में वे बरेका में कार्यरत हैं।
उन्होंने एफआईवीबी, स्विट्जरलैंड से अंतरराष्ट्रीय कोचिंग कोर्स (लेवल-1), तकनीकी सेमिनार (सेटर एवं मिडिल प्लेयर), बीच वॉलीबॉल कोचिंग सहित अनेक प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लिया है। इसके साथ ही वे उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के राज्य स्तरीय रेफरी भी हैं। कोच के रूप में राय ने वर्ष 2015 में आयोजित 63वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे पुरुष टीम को कोचिंग प्रदान करते हुए उन्होंने टीम को प्रथम स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उसी वर्ष फेडरेशन कप में टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
