बाराबंकी में पानी से भरे गड्ढे में बालक की डूबकर मौत: परिजाओं में कोहराम, रिपोर्ट दर्ज
बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी के सिरौली गौसपुर तहसील परिसर में शनिवार दोपहर तहसील परिसर में एक दर्दनाक घटना हो गई। यहां तैनात कंप्यूटर आपरेटर का 12 वर्षीय बेटा पानी से भरे गड्ढे में डूब गया। हादसे का पता चलते ही परिजन व अन्य बालक को लेकर संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा शनिवार की दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। तहसील में विक्रम मौर्य बतौर कंप्यूटर आपरेटर तैनात हैं। इनका 12 साल का बेटा अथर्व परिसर में खेल रहा था। किसी की नजर नहीं पड़ी और वह परिसर में ही स्थित पानी से भरे एक गड्ढे में गिर गया। बालक के न मिलने पर उसकी खोजबीन शुरु हुई तो वह पानी में पड़ा दिखा।
आनन फानन में परिजन व अन्य लोग उसे लेकर सिरौलीगौसपुर स्थित 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मृतक के पिता विक्रम मौर्या परिवार के साथ तहसील परिसर स्थित आवास में रहते हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इस हादसे की जानकारी होेने पर तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा, तहसील कर्मी तथा बदोसरांय कोतवाली पुलिस मौके पर मौजूद रही। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार विद्यार्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
