फुटबॉल का रोमांच चरम पर: फॉल्कंस बी और टेक्ट्रो क्लब ने धमाकेदार जीत से पक्का किया सेमीफाइनल का टिकट

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : कैंट स्थित दिलकुशा ग्राउंड पर खेले जा रहे आठवें हेमवती नंदन बहुगुणा मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट में शनिवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले संपन्न हुए। इन मुकाबलों में फॉल्कंस फुटबॉल क्लब बी और टेक्ट्रो फुटबॉल क्लब ने शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

दिन के पहले क्वार्टर फाइनल में फॉल्कंस बी का सामना उत्तर प्रदेश पुलिस से हुआ। मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन पहला हाफ गोलरहित रहा। दूसरे हाफ में फॉल्कंस बी ने आक्रामक रणनीति अपनाई और खेल पर नियंत्रण बना लिया। 39वें मिनट में अभिषेक ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 46वें और 51वें मिनट में तारिक ने लगातार दो गोल दागकर फॉल्कंस बी की बढ़त 3-0 कर दी। अंत तक स्कोर में कोई बदलाव नहीं हुआ और फॉल्कंस बी ने जीत के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

दूसरे क्वार्टर फाइनल में टेक्ट्रो फुटबॉल क्लब ने आरए ब्वॉयज के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया। खेल के पांचवें मिनट में कमल ने गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। आठवें मिनट में अर्नब ने स्कोर 2-0 कर दिया। 16वें मिनट में उत्कर्ष ने शानदार मूव के बाद गोल दागते हुए टीम की बढ़त 3-0 तक पहुंचा दी। दूसरे हाफ में आरए ब्वॉयज ने वापसी की कोशिश की, लेकिन टेक्ट्रो की मजबूत रक्षापंक्ति को भेद नहीं सके।

अंततः टेक्ट्रो फुटबॉल क्लब ने 3-0 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबलों में दोनों विजेता टीमें खिताब की ओर एक कदम और बढ़ाने उतरेंगी।

संबंधित समाचार