लखनऊ में मुस्कुराहट की नई मिसाल: गोमती पर बनेगा 180 मीटर लंबा ‘स्माइलिंग ब्रिज’, 54 करोड़ की लागत से रिवर फ्रंट को मिलेगी नई पहचान

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : गोमती नदी पर पेडेस्ट्रियल ब्रिज बनने का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने इसके लिए मंजूरी दे दी है। लगभग 54 करोड़ रुपये से इस ब्रिज के लिए शासन ने पहली किश्त के रूप में 18.90 करोड़ रुपये जारी कर दिये हैं। 18 महीने में इस ब्रिज का निर्माण पूरा हो जाएगा। ‘मुस्कुराइए की आप लखनऊ में हैं’ थीम पर 180 मीटर लंबा यह स्माइलिंग ब्रिज होगा, जो एडीसीपी ऑफिस के पास गोमती नदी रिवर फ्रंट के दोनों किनारों को जोड़ेगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि अहमदाबाद के अटल ब्रिज की तर्ज पर गोमती नदी पर बनने वाले इस ब्रिज की डिजाइन बेहद खास और अनूठी है। इसके लिए आर्किटेक्ट डिजाइन कॉम्पटीशन आयोजित कराया गया था। इस प्रतियोगिता में देश भर से लगभग 25 आर्किटेक्ट संस्थाओं ने हिस्सा लेते हुए ब्रिज की ड्राइंग-डिजाइन भेजे थे।

मुंबई के ‘आरवैम्प स्टूडियो’ की डिजाइन चयनित

ज्यूरी पैनल ने मुंबई की संस्था ‘आरवैम्प स्टूडियो’ की डिजाइन को चयनित किया। जिसके आधार पर पेडेस्ट्रियन ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। यहां ब्रिज बनने से गोमती नदी के दायें किनारे पर लोगों की आवाजाही बढ़ेगी और वहां विकसित क्रिकेट स्टेडियम, विवाह स्थल, किड्स प्ले एरिया, एम्फीथिएटर, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, वॉटर स्पोर्ट्स आदि गतिविधियों की उपयोगिता बढ़ेगी।

12 मीटर चौड़ा होगा ब्रिज

उपाध्यक्ष ने बताया कि नदी पर यह ब्रिज 180 मीटर लंबा होगा। जबकि, रैम्प और प्लेटफार्म को मिलाकर इसकी कुल लंबाई 380 मीटर तक होगी। लोग आसानी से चहलकदमी कर सकें इसके लिए ब्रिज की चौड़ाई 12 मीटर रखी जाएगी। ब्रिज के स्ट्रक्चर को संभालने के लिए 13 पीयर्स बनाए जाएंगे। पुल के तल पर 30 मीटर और 40 मीटर चौड़े स्पैन प्लेट गर्डर्स दिये जाएंगे, जहां लोग खड़े होकर नदी का नजारा देख सकेंगे। इसके अलावा स्टील ट्यूबलर सेक्शन से ब्रिज के किनारों की संरचना की जाएगी।

संबंधित समाचार