यूपी कर्मचारियों का बड़ा ऐलान: 20 जनवरी को विधानसभा घेराव और धरना, 35 लाख में से 70% ने दिया आंदोलन को समर्थन
लखनऊ, अमृत विचारः राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने 20 जनवरी को विधानसभा के घेराव और धरना-प्रदर्शन का ऐलान करते हुए आंदोलन को निर्णायक मोड़ देने का निर्णय लिया है। इसकी तैयारियों की समीक्षा के लिए परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी की अध्यक्षता में शनिवार को ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में लगभग 35 लाख कर्मचारी हैं, जिनमें से करीब 70 प्रतिशत कर्मचारी आंदोलन के समर्थन में हैं। वहीं 50 प्रतिशत से अधिक कर्मचारियों ने विधानसभा घेराव में शामिल होने की सहमति दे दी है। समीक्षा बैठक के बाद अध्यक्ष जेएन तिवारी और महामंत्री अरुणा शुक्ला ने प्रदेश के सभी विभागीय कर्मचारी संगठनों के अध्यक्षों और महामंत्रियों को पत्र भेजकर 20 जनवरी के कार्यक्रम में पूरी ताकत से शामिल होने की अपील की है। परिषद ने कहा कि वर्ष 2025 कर्मचारियों के लिए निराशाजनक रहा। पुरानी पेंशन बहाली, चतुर्थ श्रेणी भर्ती, नगर प्रतिकर भत्ता, रिक्त पदों पर नियुक्ति, वेतन विसंगतियां, आउटसोर्स व संविदा कर्मचारियों की समस्याएं, पेंशनर्स और परिवहन निगम के निजीकरण जैसे ज्वलंत मुद्दे उपेक्षित रहे।
