मनमानी पर उतरे प्राइवेट कॉलेज... 43 कॉलेज ने नहीं लिए प्री बोर्ड परीक्षा प्रश्न पत्र, नोटिस जारी
सात जनवरी से होनी है प्री बोर्ड परीक्षा
अयोध्या, अमृत विचार : यूपी बोर्ड की आगामी हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारियां जोरों पर हैं। छात्रों को बोर्ड परीक्षा का डेमो देने के लिए सात जनवरी से प्री-बोर्ड परीक्षाएं शुरू होनी हैं। ये परीक्षाएं पूरी तरह बोर्ड पैटर्न पर होंगी, जिसमें रिजर्व सेट के प्रश्न-पत्रों का उपयोग किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण तैयारी में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने एक चौंकाने वाली लापरवाही उजागर की है।
जनपद के 43 प्राइवेट कॉलेजों ने अब तक प्री-बोर्ड परीक्षा के लिए निर्धारित प्रश्न-पत्र प्राप्त नहीं किए हैं। इनमें कई सहायता प्राप्त और वित्तविहीन कॉलेज शामिल हैं। डीआईओएस कार्यालय ने इन लापरवाह कॉलेजों की सूची जारी कर सभी को कड़ी फटकार लगाई है। डीआईओएस ने इन 43 कॉलेजों को सख्त चेतावनी देते हुए केवल एक सप्ताह की मोहलत दी है। इस अवधि में प्रश्न-पत्र प्राप्त न करने या प्री-बोर्ड परीक्षाओं में कोई लापरवाही बरतने पर संबंधित कॉलेजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें मान्यता पर भी असर पड़ सकता है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ. पवन कुमार तिवारी ने बताया कि यदि यह कालेज प्रश्न पत्र नहीं लेते हैं तो बोर्ड के नियमों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
