Moradabad: प्रदेशाध्यक्ष पंकज चौधरी बोले, 2027 में भारी बहुमत से फिर बनेगी भाजपा सरकार
मुरादाबाद, अमृत विचार। कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों ने शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का कुंदरकी विधानसभा में प्रथम आगमन पर रामपुर रोड पराग फैक्ट्री के पास भव्य स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए कुंदरकी विधानसभा के अलग अलग गांवों से पार्टी कार्यकर्ता और विधायक के समर्थक पहुंचे थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी रामपुर से दिल्ली जा रहे थे। उनका पराग फैक्ट्री के पास में रुकने पर कुंदरकी विधायक ने अपने समर्थकों के साथ स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने स्वागत से अभिभूत होकर कहा कि कड़ाके की ठंड में हजारों कार्यकर्ताओं का अपार जनसमूह देख कर मैं कह सकता हूं कि 2027 में भारी बहुमत से पुनः भाजपा को प्रदेश में विजय मिलेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के छोटे से छोटे कार्यकर्ता का हित सर्वोपरि है।
कुंदरकी विधायक ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कुंदरकी विधानसभा को प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत का अवसर प्राप्त हुआ है। इस दौरान परमेश्वर लाल सैनी, पूर्व सांसद वीर सिंह, ब्लॉक प्रमुख मूंढापांडे डॉ. नवदीप यादव, गुलाम जिलानी, मंडल अध्यक्ष संजय कश्यप, बबलू जाटव, नीरज चंद्रा, महेंद्र सैनी, चिराग अली, रोहित सिंह, जय सिंह, नूरी मौलाना, ज्ञानस्वरूप भटनागर, दिनेश ठाकुर, रंजीत सिंह, सोनू रस्तोगी आदि उपस्थित रहे।
