Moradabad: संभल-अनूपशहर फोरलेन की राह साफ, मुरादाबाद–बरेली सिक्स लेन को मंजूरी
मुरादाबाद, अमृत विचार। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से संभल से लेकर अनूपशहर तक फोरलेन सड़क निर्माण की सभी कागजी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। परियोजना के लिए स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की लागत को एस्टीमेट बनाने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
शनिवार को एनएचएआई के साईट इंजीनियर शान्तनु सिंह ने बताया कि संभल मार्ग से लेकर अनूपशहर तक फोरलेन बनने से संभल,अनूपशहर सहित आसपास के क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा और सड़क हादसों में भी कमी आई अभी तक मुरादाबाद से संभल तक जाने वाले मार्ग पर डिवाइडर नहीं थे। इसके लिए निर्माण से पहले की सारी कागजी कार्रवाई एनएचएआई की ओर से पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि वहीं मुरादाबाद से बरेली तक राष्ट्रीय राजमार्ग को सिक्स लेन बनाने की भी मंजूरी मिल गई है।
इस महत्वपूर्ण परियोजना से दोनों जिलों के बीच आवागमन तेज होगा, जाम की समस्या से राहत मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा एनएचएआई दलपतपुर से जीरो पॉइंट तक फ्लाईओवर निर्माण की तैयारी कर रहा है। फ्लाईओवर बनने से इस मार्ग पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी और शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी,जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
