लखनऊ : टक्कर के विरोध पर तीनों दोस्तों पर जानलेवा हमला, लूटपाट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार : विभूतिखंड स्थित डीएलएफ माई पैड गेट के पास सफारी कार में टक्कर मारने का विरोध करने पर काली स्कार्पियो सवार आठ मनबढ़ युवकों ने तीन दोस्तों पर हॉकी व धारदार हथियार से हमला कर दिया। सिर व सीने पर ताड़तोड़ वार से तीनों दोस्त बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपियों ने गाड़ी में तोड़फोड़ कर करीब 36 हजार, आईफोन व अन्य सामान लूट लिया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने के बाद पीड़ित ने तीन नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है।

मूल रूप से आजमगढ़ के सिधारी शाहगढ़ स्थित ग्राम बिहरोजपुर निवासी अनुराग राय अपने दोस्तों दिपांशु राय व सानू सिंह के साथ सफारी कार से 1 जनवरी की तड़के करीब चार बजे लखनऊ आए थे। विभूतिखंड स्थित डीएलएफ माई पैड गेट के पास स्कार्पियो सवार युवकों ने सफारी में टक्कर मार दी। विरोध करने पर स्कार्पियो से उतरे आठ लोगों ने धारदार हथियार व हॉकी से तीनों दोस्तों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बेरहमी से पीटने के बाद गाड़ी में तोड़फोड़ की। ताबड़तोड़ हमले से अनुराग, दिपांशु राय व सानू बुरी तरह घायल होकर बेहोश हो गए। वारदात के बाद आरोपी जेब में रखे करीब 36 हजार रुपये, चेन और आईफोन लूटकर भाग निकले। राहगीरों ने डॉयल-112 पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया।

होश में आने के बाद पीड़ित ने पुलिस को काली स्कार्पियो का नंबर दिया। बताया कि आरोपी एक-दूसरे को उत्कर्ष, राज व मनीष नाम से पुकार रहे थे। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर शनिवार को तीन नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट, तोड़फोड़, गाली-गलौज, धमकी व डकैती समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाली जा रही है।

यह भी पढ़ें : US Strikes Venezuela : सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर डेल्सी रोड्रिग्ज बनीं वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति

संबंधित समाचार