जलालाबाद: कृषि कानून के खिलाफ रैली निकालने की कोशिश में सौ से ज्यादा सपाई हिरासत में लिए, बाद में छोड़ा
अमृत विचार, जलालाबाद। सपा के कृषि कानून के खिलाफ चल रहे प्रदेश स्तरीय विरोध प्रदर्शन की कड़ी में सोमवार को शाहजहांपुर जिले के सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान की अगुवाई में जलालाबाद के बारह पत्थर चौराहे पर विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित था। पूर्व सूचना पर पुलिस प्रशासन ने सपाइयों का प्रदर्शन और रैली रोकने के लिए दो …
अमृत विचार, जलालाबाद। सपा के कृषि कानून के खिलाफ चल रहे प्रदेश स्तरीय विरोध प्रदर्शन की कड़ी में सोमवार को शाहजहांपुर जिले के सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान की अगुवाई में जलालाबाद के बारह पत्थर चौराहे पर विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित था। पूर्व सूचना पर पुलिस प्रशासन ने सपाइयों का प्रदर्शन और रैली रोकने के लिए दो प्लाटून पीएसी समेत सैंकड़ों की संख्या में पुलिस बल तैनात कर रखा था।
शुक्रवार की सुबह साढ़े 10 बजे से बारह पत्थर स्थित विधुत उपकेंद्र के पास सपाई इकट्ठा होने शुरू हुए। 11 बजे सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। साढ़े 11 बजे तक विद्युत उपकेंद्र पर सपा का विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी चली। उसके बाद सभी सपाई नगर में रैली निकालने के लिए आगे बढ़े तो कोतवाल जसबीर सिंह ने उन्हें रैली निकालने से मना किया। न मानने पर हिरासत में लेने की भी चेतावनी दी। मगर सपा जिलाध्यक्ष के न मानने पर फोर्स ने मोर्चा सम्भाला।
सीतापुर से आई 2वीं वाहिनी पीएसी के दो प्लाटून कमांडर और तीन थानों की फोर्स ने सभी को बारह पत्थर चौराहे पर घेर लिया। जिस पर सपा जिलाध्यक्ष रोड पर ही बैठ प्रदर्शन करने लगे। कोतवाल जसबीर सिंह के समझाने पर भी जन सपाई नहीं माने तो पुलिस ने हिरासत में लेना शुरु किया। सभी सपाई पुलिस का घेरा तोड़ आगे जाने की कोशिश में धक्कामुक्की करने लगे। लगभग 30 मिनट के जद्दोजहद के बाद पुलिसकर्मियों ने सभी सपाइयों को पकड़ कर बस में बिठाकर बरेली रोड स्थित श्री परशुराम संस्कृत महाविद्यालय में अस्थायी जेल में बंद कर दिया।
हालांकि कुछ देर बाद सभी सपा नेताओं को पुलिस ने छोड़ दिया। प्रदर्शनकारियों में सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान, जलालाबाद विधायक शरदवीर सिंह, पूर्व शिक्षक विधायक संजय मिश्रा, रणंजय सिंह, कमलेश यादव, रामवीर सिंह सोनवंशी, अरुण कुमार डैनी, अख्तर खान, अभिषेक सिंह, शकील खान समेत सैंकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिन्होंने सरकार विरोधी नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया।
