कानपुर : हॉस्पिटल में महिला की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप
हंगामा देखकर भागा अस्पताल का स्टॉफ, पुलिस ने परिजनों को कराया शांत
कानपुर, अमृत विचार। हनुमंत विहार में सांस की बीमारी से पीड़ित महिला की हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने गलत इंजेक्शन और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिसर में जमकर हंगामा किया। तोड़फोड़ की नौबत आने पर अस्पताल को छोड़कर स्टॉफ भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव पोस्टमार्टम को भेजा।
नौबस्ता के राजीव विहार निवासी रामू वर्मा की 45 वर्षीय पत्नी सरला देवी करीब 10 दिन से सांस की बीमारी से पीड़ित थी। पति ने बताया कि सरला का डॉ. अभिषेक द्विवेदी से इलाज चल रहा था। दवाओं से फायदा न होने पर उन्होंने उसे नीलम हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। जहां दोनों बेटे आकाश, विकास और बेटियां प्रीति, शिवानी मां की देखरेख कर रही थी।

रामू के अनुसार शनिवार को सरला को हॉस्पिटल में इंजेक्शन लगाया गया। उसके बाद ही उसकी हालत गंभीर होने पर लगी। इसकी शिकायत डॉक्टर से की, लेकिन कोई देखने नहीं आया। इससे कुछ देर बाद ही उसकी सांस उखड़ने लगी और रात 10 बजे उसने दम तोड़ दिया। इस पर परिजनों ने गलत इंजेक्शन और लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
भीड़ का गुस्सा देखकर अस्पताल स्टॉफ मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझकर शांत कराया और शव पोस्टमार्टम भेजा। हनुमंत विहार पुलिस के अनुसार परिजनों ने लापरवाही व गलत इंजेक्शन लगाने की शिकायत की है। तहरीर मिलने पर जांच कर रिपोर्ट दर्ज कराई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की वजह स्पष्ट होगी।
