अमेरिकी कार्रवाई पर UN ने जताई चिंता, वेनेजुएला को लेकर गुटेरेस ने की संयम बरतने की अपील
न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने सोमवार को वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़े जाने के बाद वेनेजुएला में बढ़ती अस्थिरता पर चिंता जतायी है, यद्वपि अमेरिका ने आश्वासन दिया है कि इस मध्य अमेरिकी देश पर कब्जा करने की उसकी कोई योजना नहीं है। गुटेरेस ने कहा कि वह 'चिंतित हैं कि तीन जनवरी की सैन्य कार्रवाई के संबंध में अंतरराष्ट्रीय कानून के नियमों का सम्मान नहीं किया गया है।'
उल्लेखनीय है कि मादुरो को मादक पदार्थों से संबंधित आरोपों में मैनहट्टन संघीय अदालत पेश किए जाने से कुछ घंटे पहले न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद की बैठक हुई। मादुरो ने हालांकि किसी भी आपराधिक संलिप्तता से इनकार किया है।
संयुक्त राष्ट्र की राजनीतिक मामलों की अवर महासचिव रोजमेरी डिकार्लो द्वारा परिषद में पढ़े गये एक बयान में गुटेरेस ने कहा, " मैं देश में अस्थिरता बढ़ने की आशंका, क्षेत्र पर इसके संभावित प्रभाव और राज्यों के बीच संबंधों के संचालन के मामले में इससे बनने वाले उदाहरण को लेकर बेहद चिंतित हूं।" संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने इस बात पर जोर दिया कि 'सभी के द्वारा अंतरराष्ट्रीय कानून का पूर्ण सम्मान किया जाना अनिवार्य है, जिसमें संयुक्त राष्ट्र चार्टर भी शामिल है।'
महासचिव ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र चार्टर किसी भी देश की क्षेत्रीय अखंडता या राजनीतिक स्वतंत्रता के खिलाफ बल प्रयोग या धमकी को प्रतिबंधित करता है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाये रखना सभी सदस्य देशों की इन प्रावधानों का पालन करने की प्रतिबद्धता पर निर्भर करता है।
गुटेरेस ने हालात को नाजुक बताया और कहा कि एक बड़े और अधिक विनाशकारी संघर्ष को रोकना अभी भी संभव है। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत माइक वाल्ट्ज ने मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोर्स का जिक्र करते हुए सुरक्षा परिषद को बताया कि अमेरिका ने 'अमेरिकी न्याय प्रणाली के दो घोषित भगोड़ों के खिलाफ अभियान चलाया।
वाल्ट्ज ने सुरक्षा परिषद के सामने अमेरिका का पक्ष रखते हुए कहा, " जैसा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है, वेनेजुएला या उसके लोगों के खिलाफ कोई युद्ध नहीं है। हम किसी देश पर कब्जा नहीं कर रहे हैं। " इससे पहले, तीन जनवरी को वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने बढ़ते तनाव के बीच सरकार को व्यापक सुरक्षा शक्तियां देते हुए देशव्यापी आपातकाल की घोषणा कर दी थी।
गुटेरेस ने संयम बरतने का आह्वान करते हुए वेनेजुएला के सभी हितधारकों से 'देश के भविष्य को निर्धारित करने के लिए समावेशी और लोकतांत्रिक संवाद में शामिल होने' का आग्रह किया। उन्होंने मानवाधिकारों, कानून के शासन और वेनेजुएला के लोगों की इच्छा शक्ति को बनाये रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
महासचिव ने पड़ोसी देशों और व्यापक अंतरराष्ट्रीय समुदाय से एकजुटता दिखाने और अंतरराष्ट्रीय कानून का सख्ती से पालन करने की अपील की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संकट को सुलझाने के प्रयासों में बल के बजाय शांतिपूर्ण समाधान ही मार्गदर्शक होने चाहिए।
