लखनऊ : डिजिटल क्रॉप सर्वे शुरू, 3 लाख गाटों का होगा सर्वेक्षण, किसानों को मिलेगा लाभ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार :  जिले में रबी फसलों का आकलन करने के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे शुरू हो गया है। कृषि विभाग को 3.93 लाख गाटों का सर्वे करने का लक्ष्य मिला है। इससे फसल और उपज की वास्तविक स्थिति का पता चलेगा। इस आधार पर सरकारी खरीद और आगे की अन्य तैयारी की जाएगी।

5 जनवरी से शुरू हुआ डिजिटल क्रॉप सर्वे 15 फरवरी तक पूरा करना है। कर्मचारी खेतों पर जाकर लोकेशन, फसल की फोटो समेत किसान व जमीन का पूरा ब्योरा मोबाइल एप पर दर्ज करने लगे हैं। इससे किसानों ने कौन सी फसल की है, फसल का क्षेत्रफल कितना है, कौन सी फसलें ज्यादा होती है यह सब ऑनलाइन ब्योरा दर्ज करने से फसल और उत्पादन की वास्तविक स्थिति पता चलेगी। इस आधार पर सरकारी खरीद की रूपरेखा तय होगी।

आपदा से नुकसान होने पर सही आकलन से क्षतिपूर्ति मिलेगी। लक्ष्य आदि भी सर्वे के आधार पर तय किया जाएगा। फसल बीमा जैसी योजना में फर्जीवाड़ा नहीं चलेगा। इसी आधार पर आगे फसलों की योजनाएं बनाने के साथ खाद व बीज की उपलब्धता कराई जाएगी। उप निदेशक कृषि विनय कुमार कौशल ने बताया कि समय पर लक्ष्य पूर्ण कर लेंगे।

मिलेंगे पांच रुपये

डिजिटल क्रॉप सर्वे में कृषि विभाग के कर्मी, पंचायत सहायक व रोजगार सेवक लगाए गए हैं। जो मोबाइल से एप पर सर्वे करेंगे। विभाग ने इन्हें प्रशिक्षण दिया है। सर्वे करने पर प्रति गाटा पांच रुपये मिलेंगे। इनके द्वारा खरीफ फसल का सर्वे किया गया था। इसका भुगतान भी कृषि विभाग ने कर दिया है।

संबंधित समाचार