SIR के बाद नौ विधानसभा सीटों में 27,94,397 मतदाता बचे, 1,556 मतदान केन्द्र और 4,132 मतदेय स्थलों में 12 लाख मतदाता घटे
- -कैंट में केवल 2,22598 मतदाता, सरोजनीनगर में 412974
- -मतदाता सूची में 14,87071 पुरूष, 13,10237 महिला मतदाता और 89 थर्ड जेंडर
- -जिला निर्वाचन कार्यालय ने मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन किया
- -सरोजनीनगर में सबसे अधिक 412974 और लखनऊ कैंट विधानसभा में सबसे कम 2,22598 मतदाता
लखनऊ, अमृत विचार : मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद लखनऊ जिले की नौ विधानसभा सीटों पर 27,94,397 मतदाता बचे हैं। इनमें 14,87071 पुरुष, 13,10237 महिला और 89 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। जिले में 1,556 मतदान केंद्र और 4,132 मतदेय स्थलों में लगभग 12 लाख मतदाता कम हो गए हैं। एसआईआर से पहले 39,94,535 मतदाता थे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी विशाख जी ने मंगलवार को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन कर दिया। इसमें सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 412974 और लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 2,22598 मतदाता हैं।
6 फरवरी तक कर सकते हैं दावे और आपत्तियां
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन शुभी सिंह ने बताया कि मतदाता सूची में नाम न होने या संशोधन के लिए 6 फरवरी तक दावे और आपत्ति कर सकेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर कार्य दिवस में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहकर पदाभिहित अधिकारी आमजन को मतदाता सूची का नि:शुल्क निरीक्षण कराएंगे। साथ ही फार्म उपलब्ध कराने के साथ जमा कराके रसीद देंगे। 11 जनवरी को सभी बीएलओ अपने बूथ पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची को पढ़कर सुनाएंगे। 27 फरवरी तक दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। 6 मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को चलेगा विशेष अभियान
मतदाता सूची में पात्र एवं छूट नागरिकों का नाम जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अभय किशोर ने बताया कि 1 जनवरी 2026 की अर्हता के आधार पर 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को विशेष अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके लोग मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म 6, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फार्म 7, निवास स्थान में परिवर्तन के लिए फार्म 8 भरना होगा। उक्त फार्म आनलाइन voters.eci.gov. in पर भी भरे जा सकते हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या
| विधानसभा क्षेत्र | पुरुष | महिला | थर्ड जेंडर | कुल मतदाता |
| 168-मलिहाबाद (अजा) | 167035 | 137427 | 9 | 304471 |
| 169-बक्शी का तालाब | 205047 | 179796 | 9 | 384852 |
| 170-सरोजनी नगर | 221464 | 191496 | 14 | 412974 |
| 171-लखनऊ पश्चिम | 174476 | 153582 | 15 | 328073 |
| 172-लखनऊ उत्तर | 161810 | 145598 | 14 | 307422 |
| 173-लखनऊ पूर्व | 150119 | 142408 | 3 | 292530 |
| 174-लखनऊ मध्य | 126618 | 116623 | 5 | 243246 |
| 175-लखनऊ कैन्ट | 115326 | 107263 | 9 | 222598 |
| 176-मोहनलालगंज (अजा) | 162176 | 136044 | 11 | 298231 |
| 1484071 | 1310237 | 89 | 2794397 |
