Bareilly: सीजन का सबसे ठंडा रहा दिन...प्रदेश में भी तीसरे नंबर पर

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। जिले के लोग कड़ाके की ठंड से बेहाल हो रहे हैं। कभी दिन तो कभी रात का तापमान रोजाना प्रदेश में रिकॉर्ड बना रहा है। सोमवार को तो पूरे दिन सूरज के दर्शन ही नहीं हुए, इसकी वजह से सीजन का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। यही नहीं प्रदेश में तीसरे नंबर पर सबसे ठंडा दिन रहा। रात में भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। देर रात से शुरू हुआ घना कोहरा सुबह देर तक गिरा, जिससे दृश्यता 25 मीटर तक जा पहुंची और लोग घरों में ही दुबके रहे।

मौसम विभाग के मुताबिक जिले का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे कम अधिकतम तापमान सिर्फ गोरखपुर का 11.6 और शाहजहांपुर और आजमगढ़ का 12-12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 

वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक इससे पूर्व के बरसों में जनवरी के महीने में इससे कम भी अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है और इस साल अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया तो कई साल के रिकॉर्ड भी टूट जाएंगे।

मौसम विभाग के मुताबिक एक सप्ताह तक ठंड और कोहरे से अधिक राहत मिलने की उम्मीद कम है। विभाग ने मंगलवार को बहुत घने कोहरे का ओरेंज और बुधवार को येलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद भी सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 12 से 14 और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।

संबंधित समाचार