Vijay Singh Gond : दुद्धी से सपा विधायक विजय सिंह गोंड का निधन, लंबे समय से चल रहे थे बीमार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोनभद्र/ लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में दुद्धी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक विजय सिंह गोंड का गुरुवार को लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और उनका इलाज चल रहा था। संस्थान की जनसंपर्क अधिकारी कुसुम यादव के मुताबिक, मल्टी आर्गन फेल्योर के चलते विधायक की मृत्यु हुई है। 

उनके निधन की सूचना मिलते ही सोनभद्र सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर फैल गई है। दुद्धी विधानसभा अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित और आदिवासी बहुल क्षेत्र है। विजय सिंह गोंड को आदिवासी राजनीति का 'पितामह' माना जाता था। उन्होंने इस क्षेत्र का सात बार विधानसभा में प्रतिनिधित्व किया और आदिवासी समाज की समस्याओं को मजबूती से सदन तक पहुंचाया। 

वर्ष 2024 के उपचुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी श्रवण गोंड को 3160 मतों से पराजित कर सीट अपने नाम की थी। इससे पहले 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने दुद्धी से रामदुलार गोंड को 6297 मतों के अंतर से हराया था। वह सपा सरकार में मंत्री भी रहे और संगठन में उनका खासा प्रभाव था।

विजय सिंह गोंड का राजनीतिक जीवन संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने बेहद सीमित संसाधनों से राजनीति की शुरुआत की। वर्ष 1979 में वे वनवासी सेवा आश्रम में मात्र 200 रुपये मासिक मानदेय पर कार्यरत थे, उसी दौरान कांग्रेस के टिकट पर पहली बार विधानसभा पहुंचे। आदिवासी हितों के लिए उनकी प्रतिबद्धता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुद्धी और ओबरा विधानसभा को अनुसूचित जनजाति सीट घोषित कराने के लिए उन्होंने सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ी।  

संबंधित समाचार