Republic Day 2026 : मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने तैयारियों को लेकर की बैठक, अधिकारियों के दिए कई अहम निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने सचिवालय में गणतंत्र दिवस-2026 के आयोजन की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गणतंत्र दिवस समारोह पूर्ण भव्यता, गरिमा और राष्ट्रगौरव के अनुरूप आयोजित किया जाए। 

मुख्य सचिव ने अति विशिष्ट अतिथियों एवं महानुभावों के लिए सचिवालय परिसर के भीतर समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विधान भवन के समक्ष स्थित मुख्य भवन तथा लोक भवन के बाह्य भाग की समयबद्ध रंगाई-पुताई और व्यापक सफाई कराने के निर्देश दिए। 

इसके साथ ही विधान भवन एवं लोक भवन के सम्मुख स्थापित स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह, स्वर्गीय गोविंद वल्लभ पंत तथा स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी सहित सभी प्रतिमाओं की समुचित सफाई कराने पर भी जोर दिया। गोयल ने लोक भवन, विधान भवन, बापू भवन, नवीन भवन, शास्त्री भवन, योजना भवन, दरबारी लाल शर्मा भवन एवं विकास भवन को आकर्षक विद्युत सजावट से प्रकाशमान करने के निर्देश दिए। 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विधान भवन एवं लोक भवन की फसाड लाइटिंग तथा अन्य विद्युत सजावट की ट्रायल 24 जनवरी 2026 को अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्य सचिव ने शासन और प्रशासन के बीच पूर्ण समन्वय सुनिश्चित करते हुए सभी सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण कराने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव पर्यटन अमृत अभिजात सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।  

संबंधित समाचार