सावधान! सर्दी में बुखार हुआ तो ठीक होने में लग सकते हैं 10 दिन

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

दवा से तीन-चार दिन में उतर रहा बुखार, लेकिन बदन दर्द और कमजोरी कर रही परेशान

मुरादाबाद, अमृत विचार। सर्दी के मौसम में बुखार लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। मौसम में लगातार बदलाव, ठंडी हवा और कोहरे के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सर्दी में होने वाला बुखार दवा से भले ही तीन-चार दिन में उतर जाए, लेकिन पूरी तरह ठीक होने में 8 से 10 दिन तक का समय लग रहा है। इस दौरान मरीजों को बदन दर्द, कमजोरी, सिरदर्द और थकान जैसी शिकायतें लगातार परेशान कर रही हैं।

जिला अस्पताल की मेडिसिन विभाग की ओपीडी में रोजाना 50 से अधिक मरीज इसी तरह की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। मरीजों का कहना है कि बुखार उतरने के बाद भी शरीर में दर्द और कमजोरी बनी रहती है, जिससे रोजमर्रा के कामकाज में दिक्कत हो रही है। कई मरीज समय से आराम नहीं कर पा रहे हैं, जिसका असर उनकी सेहत पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल के जनरल फिजिशियन डॉ. आशीष कुमार सिंह ने बताया कि सर्दी के मौसम में वायरल बुखार की अवधि लंबी हो सकती है। उन्होंने कहा कि दवा से बुखार तो जल्दी काबू में आ जाता है, लेकिन शरीर को पूरी तरह रिकवर होने में समय लगता है। ऐसे में मरीजों को धैर्य रखने के साथ-साथ सावधानी बरतनी बेहद जरूरी है। बताया कि बुखार के दौरान और उसके बाद पर्याप्त आराम न करने, ठंडी चीजों के सेवन और ठंड के संपर्क में अधिक रहने से बदन दर्द और कमजोरी बढ़ सकती है। दवा के साथ ही मरीजों को सलाह दी जा रही है कि वे दवा का पूरा कोर्स लें, गर्म पानी का सेवन करें, हल्का और पौष्टिक भोजन करें व ठंड से बचाव करें। बिना चिकित्सकीय सलाह के खुद से दवा बंद या बदलना नुकसानदायक हो सकता है। बुखार के बाद यदि बदन दर्द, सांस लेने में दिक्कत, लगातार खांसी या कमजोरी ज्यादा समय तक बनी रहे तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

संबंधित समाचार