Moradabad: कोहरे की चादर में लिपटी सुबह, धूप निकलते ही मिली राहत

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। रविवार की सुबह शहरवासियों ने घने कोहरे की चादर के साथ दिन की शुरुआत की। सुबह-सुबह दृश्यता बेहद कम रही, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी नजर आई। ठंड और शीतलहर के चलते लोग घरों में दुबके रहे। न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने ठिठुरन और बढ़ा दी। सुबह के समय ठंडी हवाओं के साथ कोहरे का असर इतना अधिक था कि हाथ-पैर सुन्न होने जैसी स्थिति बन गई।

हालांकि, जैसे-जैसे दिन चढ़ा, मौसम ने करवट ली। करीब 11 बजे के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंटना शुरू हुआ और कुछ ही समय में आसमान साफ नजर आने लगा। दोपहर के समय धूप खिलते ही लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली। धूप निकलने के बाद पार्कों, छतों और खुले स्थानों पर लोग बैठकर धूप सेंकते दिखाई दिए। कई दिनों से गीले पड़े कपड़ों को भी लोगों ने धूप में सुखाया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा। दिन भर शीतलहर का असर बना रहा, हालांकि धूप की वजह से दोपहर में ठंड की तीव्रता कुछ कम महसूस की गई। शाम ढलते ही एक बार फिर ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठिठुरन लौट आई।

सड़कों पर कोहरे के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी रही। चिकित्सकों ने इस मौसम में खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें, सुबह-शाम गर्म पेय का सेवन करें और अनावश्यक रूप से ठंडी हवा के संपर्क में आने से बचें। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी सुबह के समय कोहरा और शीतलहर का असर बना रह सकता है।

संबंधित समाचार