Bareilly : बेवफा पत्नी ही थी कातिल...प्रेमी संग मिलकर हथौड़ा मारकर किया था पति का कत्ल
बरेली, अमृत विचार। सिरौली थाना क्षेत्र में किसान की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने 24 घंटे में मामले का खुलासा करके आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों काे कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा भी बरामद किया है।
सिरौली थाना क्षेत्र के भूड़ा गांव निवासी 50 वर्षीय किसान सुरेश पाल सिंह की शनिवार रात सिर में धारदार हथियार मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। परिजनों का शक था कि सुरेश पाल की हत्या पत्नी ममता उर्फ खुशबू के अवैध संबंध में की गई है। पुलिस ने रविवार को ही ममता को पूछताछ के बाद नजरबंद कर दिया था। पुलिस ने सोमवार को ममता और गांव निवासी उसके प्रेमी होतम सिंह उर्फ होते को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में सिरौली थाना प्रभारी विनोद सिंह, हेड कांस्टेबल वेदराम सिंह, कांस्टेबल निशांत कुमार, महिला कांस्टेबल प्रिया शर्मा और मोनिका शामिल रहे।
तीन साल से थे प्रेम संबंध, पति करता था विरोध
पूछताछ में ममता ने बताया कि उसका होतम सिंह से तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसके पति को इसकी जानकारी हुई तो कहासुनी भी हुई थी। उसका पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। होतम सिंह और ममता ने सुरेश पाल सिंह से पीछा छुड़ाने के लिए 10 जनवरी की रात योजना बनाई। उसके बाद ममता ने अपने फोन से होतम सिंह को कॉल करके अपने घर बुला लिया। पति गांव से दावत खाकर आकर अपनी चारपाई पर सो गया। इसी बीच ममता ने पति के हाथ पकड़ लिए और होतम सिंह ने सुरेश पाल सिंह के सिर और चेहरे पर हथौड़े से ताबडतोड़ वार करके हत्या कर दी और हथौड़ा लेकर फरार हो गया। ममता ने उसके बाद मोबाइल की सिम निकालकर तोड़कर फेंक दी।
रविवार को ही शक के दायरे में आ गई थी पत्नी
घटना के बाद एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। पत्नी से पूछताछ में वह अलग-अलग बयान दे रही थी। वहीं सुरेश पाल के परिजन भी ममता पर शक जता रहे थे। ममता के फोन से पुलिस को गांव के ही युवक के साथ वीडियो और ऑडियो कॉल मिले थे। जिसके बाद पुलिस का शक और भी गहरा हो गया था।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि सिरौली के भूड़ा में किसान की हत्या उसकी पत्नी और प्रेमी ने की थी। महिला का गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद आला कत्ल बरामद करके जेल भेज दिया गया है।
