Lohri festival 2026 : राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और सीएम योगी ने देशवासियों को दीं लोहड़ी की शुभकामनाएं, जानें क्या कहा...

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ/नई दिल्ली13 जनवरी। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड के बीच, आज देशभर में लोहड़ी का पर्व बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। लोक परंपराओं से जुड़ा यह शुभ पर्व मौसम के बदलाव का प्रतीक है। मुख्य रूप से उत्तर भारत में मनाया जाने वाला यह त्योहार सर्दियों के अंत और वसंत के आगमन का प्रतीक है। इस शुभ अवसर पर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,  सहित कई अन्य नेताओं ने देशवासियों को लोहड़ी की शुभकामनाएं दीं हैं।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पर लिखा, "देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को लोहड़ी, मकर संक्रांति, पोंगल और माघ बिहू की हार्दिक शुभकामनाएं। ये त्योहार भारत की समृद्ध कृषि परंपराओं और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक हैं। इस अवसर पर, हम प्रकृति के प्रति भी आभार व्यक्त करते हैं। इन त्योहारों के माध्यम से, हम उन किसानों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं जो हमें भोजन प्रदान करते हैं। मेरी शुभकामनाएं हैं कि ये त्योहार सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लाएं।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोहड़ी, संक्रांति और पोंगल के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं और बधाई दीं। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा, "उत्साह, आनंद और नई ऊर्जा के प्रतीक 'लोहड़ी' के त्योहार की हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार सभी के लिए खुशी और समृद्धि का स्रोत बने।"

परिश्रम, ऊर्जा और समृद्धि का प्रतीक है लोहड़ी पर्व- योगी 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और अन्नदाताओं के परिश्रम को समर्पित पावन पर्व लोहड़ी के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि लोहड़ी का पर्व परिश्रम, ऊर्जा और समृद्धि का प्रतीक है। 

उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां, सकारात्मक ऊर्जा और नई उमंग लेकर आए तथा समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारे को और अधिक मजबूत करे। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ समाज को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी से पर्व को हर्षोल्लास, शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। 

अमित शाह और गडकरी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं!

अमित शाह ने सभी देशवासियों को लोहड़ी की शुभकामनाएं! दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “उत्साह, उमंग व नई ऊर्जा के प्रतीक ‘लोहड़ी’ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व सभी की सुख-समृद्धि का माध्यम बने।” केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “हर्ष और उल्लास के पावन पर्व लोहड़ी और भोगी की हार्दिक शुभकामानाएं। यह पावन पर्व सभी को खुशहाली, सुख-शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करे।”

खरगे-राहुल ने भी दीं देशवासियों को लोहड़ी की बधाई 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोहड़ी के अवसर पर देशवासियों को मंगलवार को बधाई दी और सबके जीवन में खुशहाली की कामना की। खरगे ने अपने बधाई संदेश में कहा, "लोहड़ी के शुभ अवसर पर सभी को बहुत- बहुत बधाई। आशा है हर्ष और उल्लास का यह त्योहार आपके जीवन में अपार ख़ुशियाँ व समृद्धि लेकर आए।" राहुल गांधी ने कहा, "आप सभी को लोहड़ी की लख-लख बधाईयां। यह पावन त्यौहार सभी के जीवन में ढेर सारी खुशियां, सुख और शांति लेकर आए।" 

गौरतलब है कि लोहड़ी मूल रूप से सूर्य, अग्नि और प्रकृति की आराधना का पर्व है। अग्नि को साक्षी मानकर लोग पुरानी नकारात्मकताओं को त्यागते हैं और नई शुरुआत का संकल्प लेते हैं। यह पर्व सिखाता है कि जीवन में गर्माहट रिश्तों से आती है, और मिठास साझा करने से बढ़ती है।

लोहड़ी सामूहिकता का पर्व है। इसमें जाति, वर्ग और उम्र की दीवारें गिर जाती हैं। नवविवाहित जोड़े, नवजात शिशु वाले परिवारों के लिए यह उत्सव विशेष महत्व रखता है। रेवड़ी, मूंगफली, गजक और पॉपकॉर्न सिर्फ प्रसाद नहीं, बल्कि साझा खुशियों के प्रतीक हैं।  

संबंधित समाचार