UP: बीमा क्लेम फर्जीवाड़ा से बन गए रातों रात करोड़पति, नोएडा में बनाया ठिकाना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। जीवन बीमा का फर्जीवाड़ा शुरू कर क्लेम हड़पने का गोरखधंधा शुरू किया तो रातों-रात मालदार हो गए। सोमवार को पुलिस ने बीमा क्लेम घोटाले से जुड़े बबराला के जिस सचिन शर्मा की 9 करोड़ 18 लाख से ज्यादा की संपत्ति कुर्क की है उसके पिता बबराला में साइकिल मरम्मत का काम करते थे। एक दशक पहले गिरोह के साथ जुड़ने के बाद सचिन शर्मा बबराला से नोएडा शिफ्ट हुआ। इसके बाद अपना धंधा इतना फैला लिया कि नोएडा से लेकर बबराला और बदायूं तक संपत्तियां खड़ी कर दीं। सचिन ने अपने भाई गौरव शर्मा को भी धंधे में मिलाया तो वह भी करोड़पति बन गया। पुलिस प्रशासन ने गौरव शर्मा की भी एक करोड़ 44 लाख रुपए की संपत्ति कुर्क की है।

पुलिस का कहना है कि बनारस का ओंकारेश्वर मिश्रा इस गिरोह का सरगना है और उसने ही सचिन शर्मा उसके भाई गौरव शर्मा व अन्य लोगों को फर्जीवाड़ा कर बीमा क्लेम हड़पने का हुनर सिखाया। देश के 12 राज्यों में सक्रिय इस गिरोह को संभल जनपद की गुन्नौर तहसील अपना काम करने के लिए इसलिए सबसे बेहतर लगी क्योंकि यहां शिक्षा का स्तर नीचे था और गांव के सीधे साधे लोग आसानी से अपने बैंक खाता से लेकर एटीएम कार्ड और तमाम दूसरे दस्तावेज गिरोह के लोगों को सौंप देते थे। इसी का फायदा उठाकर यह गिरोह क्लेम की रकम हड़प लेता था।

पहले गिरोह ने बीमार व असाध्य रोगों से पीड़ित लोगों का बीमा कर क्लेम हड़पने का काम शुरू किया तो बाद में बीमा करने के बाद बीमित व्यक्ति की हत्या कर कर उसे दुर्घटना साबित करने का जघन्य अपराध भी करने लगे। पुलिस ने सोमवार को गिरोह के तीन लोगों की 11 करोड़ 89 लाख की संपत्ति कुर्क की है। अभी पुलिस की पड़ताल जारी है और पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह के किस सदस्य ने कितनी संपत्ति इस गैरकानूनी काम से अर्जित की है। जानकारी जुटाने के बाद सभी संपत्तियों को कुर्क करने का काम होगा।

एएसपी दक्षिणी अनुकृति शर्मा ने बताया कि जनवरी 2025 से लगातार एक ऐसे संगठित गिरोह का खुलासा किया गया, जिसके द्वारा 100 करोड़ से अधिक का बीमा घोटाला किया गया था। गिरोह 12 से अधिक राज्यों में सक्रिय था और भोले-भाले लोगों का धोखाधड़ी से बीमा कराकर बीमा की संपूर्ण राशि को हड़प लेता था। इस गिरोह के कई मोडस ऑपरेंडी'' जांच में प्रकाश में आए। 

जैसे कि बीमार व्यक्ति, मरणासन्न (टीवी, कैंसर या अन्य कोई गंभीर बीमारी) है उन लोगों का धोखाधड़ी से बीमा कराकर बीमा की राशि हड़प लेना था, मरे हुए व्यक्तियों का बीमा कराना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में भी धोखाधड़ी की बात सामने आई, कई ऐसी हत्याओं का भी अनावरण हुआ जो कि एक्सीडेंट का रूप देकर कारित की गई थीं। इसमें पहले नौजवानों को चिह्नित कर उन्हें कई कंपनियों से बीमा कराया जाता था और फिर एक दिन उनकी हत्या कर दी जाती थी। इस हत्या को एक्सीडेंट का रूप दिया जाता था, ताकि एक्सीडेंटल क्लेम लिया जा सके।


सचिन द्वारा अर्जित संपत्ति का विवरण
1. एक आवासीय मकान 60 वर्ग मीटर मकान, ग्रेटर नोएडा।
2. एक आवासीय मकान 100.08 वर्ग मीटर, ग्रेटर नोएडा जिला गौतमबुद्धनगर।
3. एक आवासीय प्लाट 222.96 वर्ग मीटर,गुन्नौर।
4. ग्राम भीमपुर दोस्तपुर परगना व तहसील सहसवान जनपद बदायूं में जमीन।
5. ग्राम सादिकपुर, परगना रजपुरा, तहसील गुन्नौर में जमीन।
6. स्कूटर टीवीएस जुपिटर।
7. एक आवासीय मकान शिवपुरी पश्चिम कस्बा बबराला में, भूमि पिता गणेशी लाल के नाम पर।
8. एक 2 मंजिला मकान मोहल्ला शिवपुरी कस्बा बबराला में माता विमलेश शर्मा के नाम पर
9. एक कार एमजी हेक्टर डी माउंट शार्प बीएसबीआई पत्नी निधि शर्मा के नाम पर
10. एक आवासीय मकान ग्रेटर नोएडा, जिला गौतमबुद्धनगर भाई सोनू शर्मा के नाम पर
11. एक आवासीय प्लाट परगना असदपुर, गांव बाधऊ चन्दौसी रोड पर भाई सोनू शर्मा के नाम पर
12. ग्राम भीमपुर दोस्तपुर परगना व तहसील सहसवान जनपद बदायूं में भूमि भाई सोनू शर्मा के नाम पर
13. एक कार महिन्द्रा स्कॉर्पियो एस-5भाई सोनू शर्मा के नाम पर


गौरव शर्मा द्वारा अर्जित संपत्ति का विवरण
1. एक आवासीय मकान ग्रेटर नोएडा, जिला गौतमबुद्धनगर। पत्नी शिल्पी शर्मा संयुक्त रूप से
2. ग्राम भीमपुर दोस्तपुर परगना व तहसील सहसवान जनपद बदायूं में भूमि
3. मोटरसाइकिल स्पलेन्डर, कार स्विफ्ट वीएक्सआई पत्नी शिल्पी शर्मा के नाम पर

ओकारेश्वर मिश्रा द्वारा अर्जित संपत्ति का विवरण
1-एक 2 मंजिला आवासीय मकान ग्राम फुलवरिया जिला वाराणसी में
2. फुलवरिया तह व जिला वाराणसी में दो मंजिला मकान बहन सुषमा मिश्रा के नाम पर
3. मोटर साइकिल पल्सर, कार स्कार्पियो

 

संबंधित समाचार