Moradabad: शीतलहर ने पैदा की ठिठुरन, मौसम विभाग का अनुमान...पाला भी कर सकता है सितम
मुरादाबाद, अमृत विचार। तापमान में गिरावट से मुरादाबाद सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जनजीवन ठिठुर रहा है। सोमवार की रात कड़ाके की ठंड और ठिठुरन रही। मंगलवार को दोपहर में धूप निकलने से राहत रही। हालांकि शाम को फिर गलन बढ़ गई। अगले कुछ दिनों में शीतलहर और पाला पड़ने की संभावना भी मौसम विभाग की ओर से जताई गई है।
पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवा की दिशा पुनः परिवर्तित होकर उत्तरी पश्चिमी होने से बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वांचल के कुछ हिस्सों को छोड़कर प्रदेश के शेष भाग में दिन और रात के तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट रही। परिणाम स्वरूप पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे चले जाने से शीतलहर और बढ़ गई।
आगामी 48 घण्टों के दौरान इसमें कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद एवं रुहेलखण्ड मंडल के जिलों में कहीं आज और कल की रात शीतलहर चलने के साथ पाला पड़ने की भी संभावना है।
उसके बाद तापमान में क्रमिक वृद्धि से इसके समाप्त हो जाने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। यद्यपि इस दौरान प्रदेश के उत्तरी तराई इलाकों में कहीं कहीं सुबह भोर के समय घने कोहरे के साथ दक्षिणी भाग में पड़ने वाले हल्के से मध्यम कोहरे के दिन चढ़ने के साथ तेजी से छंट जाने से दिन में धूप निकलने से ठंड से मिली राहत जारी रहने की संभावना भी है।
