नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह, कहा- मतभेद चलता रहता है, 12 महीने के लिए भूल जाएं
अयोध्या, अमृत विचारः नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अवध प्रांत की बैठक में कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने का प्रयास किया। कहा कि मतभेद चलता रहता है, 12 महीने के लिए भूल जाएं, मेहनत करें, क्योंकि उत्तर प्रदेश में फिर सरकार बनानी है। केंद्र का रास्ता यूपी से होकर ही जाता है। इसलिए जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। कहा कि कार्यकर्ताओं के लिए उनके दरवाजे सदैव खुले रहेंगे।
अवध विश्व विद्यालय के विवेकानंद सभागार में सोमवार रात आयोजित बैठक में उन्होंने संबोधन की शुरूआत रामभक्तों, कारसेवकों को नमन के साथ की। कहा कि इनके संघर्ष, पराक्रम, आस्था और विश्वास से मर्यादा पुरूषोत्तम प्रभु श्री राम के भव्य एवं दिव्य मंदिर का निर्माण संभव हुआ है। अयोध्या भाजपा के सैद्धांतिक एवं राजनीतिक संघर्षों की प्रतीक है। कहा कि 2047 का विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए हम सभी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जुटना है। बैठक में प्रदेश महामंत्री संजय राय, एमएलसी अनूप गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र, क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचन्दर यादव, चन्द्रभानु पासवान, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी, जिला महामंत्री राघवेंद्र पांडेय के साथ लगभग 15 जिलों के नेता व पदाधिकारी मौजूद थे।
राष्ट्र सेवा के लिए बनी पार्टी का अध्यक्ष
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मैं ऐसी पार्टी का कार्यकर्ता और प्रदेश अध्यक्ष हूं। जिस की स्थापना सत्ता के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए हुई। अयोध्या हमारी राजनीतिक आइडियोलॉजी और संघर्षों का प्रतीक है। संस्थापकों को याद किया। कहा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के संकल्प एक देश, एक प्रधान और एक निशान को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने अनुच्छेद 370 को समाप्त करके साकार किया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय दर्शन को साकार करने के लिए पीएम मोदी ने सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प के साथ कार्य किया।
विश्व में सर्वाधिक लोकप्रिय नेता के नेतृत्व में कर रहे काम
चौधरी ने कहा कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के संकल्प से देश की पुरातन संस्कृति से विश्व को आलोकित करने का काम पीएम मोदी कर रहे हैं। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक सहित राष्ट्र के सभी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक केन्द्र विश्व को भारत की गौरवशाली पंरपराओं का संदेश दे रहे हैं। युगदृष्टा प्रधानमंत्री ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराकर मुक्त गगन को राममय कर दिया। हम ऐसे नेता के नेतृत्व में काम कर रहे हैं जो विश्व में सर्वाधिक लोकप्रिय हैं। जिन्हें विश्व के 28 देशों ने अपने देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया।
कार्यकर्ता ही मेरे लिए सर्वोपरि
चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता ही मेरे लिए सर्वोपरि है। संगठन ही हम सबक की स्ट्रेंथ है, संगठन ही हम सब लोगों की पहचान है। कार्यकर्ता होने के नाते सभी का दायित्व है कि अपने संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं। कहा कि वह सांसद बाद में है, क्षेत्र में दौरे की डेट वह बताते थे लेकिन दौरे मंडल अध्यक्ष तय करते रहे हैं।
जीराम जी पर भ्रम पैदा कर रहा विपक्ष
उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई। कहा कि एसआईआर के दूसरे फेज की शुरूआत हो चुकी है। हमें बूथ पर पहुंचकर एक-एक व्यक्ति से संपर्क करके अभियान में जुटना है। कहा कि विकसित भारत जी रामजी अधिनियम को लेकर विपक्ष भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रहा है। हमें इसकी सच्चाई और श्रमिकों के हित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय को जनता के बीच पहुंचाना है।
