रेसिपी आधारित पुष्टाहार लागू करने वाला पहला राज्य बनेगा यूपी: कुपोषण के खिलाफ योगी सरकार के अभियान को मिलेगी मजबूती

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं के बेहतर पोषण के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अप्रैल से प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में रेसिपी आधारित अनुपूरक पुष्टाहार व्यवस्था लागू की जाएगी। भारत सरकार की गाइडलाइन और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत लागू होने वाली इस व्यवस्था के साथ उत्तर प्रदेश ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा।

नई व्यवस्था के तहत लाभार्थियों को तय पोषण मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एसआरएलएम) के माध्यम से रेसिपी आधारित पुष्टाहार तैयार कर सीधे आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।

जिन जिलों या परियोजनाओं में इसकी व्यवस्था उपलब्ध नहीं होगी, वहां नैफेड के माध्यम से आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। पुष्टाहार वितरण में पारदर्शिता और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने चेहरा पहचान प्रणाली (फेस रिकग्निशन सिस्टम) लागू करने का निर्णय लिया है।

इसके तहत अनुपूरक पुष्टाहार का ऑफलाइन वितरण अमान्य होगा और केवल एफआरएस प्रणाली के माध्यम से ही वितरण मान्य माना जाएगा। इससे लाभार्थियों तक सही तरीके से पोषण सामग्री पहुंचाने और धांधली पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। सरकार का मानना है कि रेसिपी आधारित पुष्टाहार व्यवस्था लागू होने से प्रदेश में कुपोषण के खिलाफ चल रही लड़ाई को नई ताकत मिलेगी और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों तथा महिलाओं को बेहतर पोषण उपलब्ध कराया जा सकेगा।

किसे क्या मिलेगा

• 6 माह–1 वर्ष : आटा-बेसन हलवा

• 1–3 वर्ष : आटा-बेसन हलवा

• 3–6 वर्ष : आटा-बेसन बर्फी व दलिया-मूंग-सोया खिचड़ी

• गर्भवती व धात्री महिलाएं : आटा-बेसन-सोया बर्फी व दलिया-मूंग-दाल खिचड़ी

अतिकुपोषित बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था

• 6 माह–1 वर्ष : पौष्टिक हलवा

• 1–3 वर्ष : ‘बाल संजीवनी’ पौष्टिक हलवा

• 3–6 वर्ष : पौष्टिक हलवा और पौष्टिक दलिया

व्यवस्था की खास बातें

• उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बनेगा

• आंगनबाड़ी केंद्रों में रेसिपी आधारित पुष्टाहार

• फेस रिकग्निशन सिस्टम से वितरण

• 301.19 करोड़ रुपये का फंड मंजूर

• पोषण मानकों में 11 माइक्रोन्यूट्रिएंट शामिल

ये भी पढ़ें :
प्रयागराज में पर्यटन विकास और सौंदर्यीकरण: दो मंदिरों के विकास पर खर्च होंगे 3.46 करोड़

 

 

संबंधित समाचार