ऑटो-टेम्पो संचालन की कमान अब नगर निगम के नाम, ड्राफ्ट तैयार... जल्द लागू होगा
सामान्य सदन की बैठक में रखा जाएगा प्रस्ताव
दो वर्ष से टल रहा ऑटो-टेम्पो स्टैंड संचालन, संयुक्त सर्वे में 83 स्थल किये जा चुके हैं चिन्हित
लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी में ऑटो-टेम्पो संचालन के लिए ड्राफ्ट बनकर तैयार हो गया है, जल्द ही इसे लागू किया जाएगा। नगर निगम इसका खुद संचालन करेगा और शुल्क भी लेगा। इसे लागू करने के लिए 27 जनवरी को प्रस्तावित नगर निगम सदन की सामान्य बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। करीब दो वर्ष से शहर में ऑटो-टेम्पो स्टैंड का संचालन टल रहा है। जबकि नगर निगम सदन से ऑटो-टेम्पो, टैक्सी, ई रिक्शा स्टैंड के लिए उपविधि 2024 बनाने की नगर निगम से मंजूरी मिल चुकी है। नगर निगम सदन की 9 सितंबर 2025 को हुई बैठक में इस पर मुहर भी लग चुकी है। ऑटो-टेम्पो स्टैंड के लिए संयुक्त सर्वे के बाद शहर में करीब 83 स्थल चयनित हो चुके हैं। इनके लिए शुल्क भी तय हो चुका है।आगामी बैठक में प्रस्ताव पर चर्चा के बाद इसे लागू करके संचालन के लिए नगर निगम टेंडर कराएगा।
पांच चौराहों पर ऑटो-टेंपो का ट्रायल 6 महीने में ही बंद
नगर निगम ने पिछले साल पांच चौराहों पर ट्रायल के तौर पर ऑटो-टेंपो स्टैंड शुरू किया था। लेकिन नगर निगम ने छह महीने में ही यह ट्रायल बंद करवा दिया। नगर निगम के अधिकारियों की दलील थी कि टेंपो-टैक्सी एवं ऑटो रिक्शा संयुक्त मोर्चा सही ढंग से स्टैंड का संचालन नहीं करवा पा रहा था। इसमें चारबाग, दुबग्गा, पॉलिटेक्निक चौराहा, चिनहट तिराहा और टेढ़ी पुलिया चौराहे शामिल थे। इन स्टैंड से कुल 534 ऑटो-टेंपो चल रहे थे। तय शर्तों के अनुसार हर ऑटो-टेंपो के लाइसेंस के लिए 2000 रुपये सालाना शुल्क जमा करवाया गया। इसके अलावा टेंपो-टैक्सी एसोसिएशन हर ऑटो से रोजाना 20 रुपये वसूल रहा था।
नियमों के उल्लंघन पर लगेगा 500 रुपये जुर्माना
अगर कोई भी ई रिक्शा या ऑटो चालक नगर निगम से पारित नियमों का उल्लंघन करता है तो उसपर जुर्माना लगाया। नियमों का उल्लंघन करने पर अधिकतम जुर्माना 500 रुपये लगाया गया है। अपराध सिद्ध होने पर 50 रुपये प्रतिदिन रूप से जुर्माना वसूला जाएगा।
स्टैंड पर यह शुल्क वसूला जाएगा
वाहन शुल्क वार्षिक (रुपये में)
ई रिक्शा सवारी पांच सीटर 800
ई रिक्शा भार वाहन 800
ई रिक्शा का लाइसेंस शुल्क 200
टेंपो छह सीटर 1000
ऑटो पांच सीटर 800
