Bareilly: मंडल की पांच सड़कों की 56.55 करोड़ से बदलेगी सूरत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने मंडल के तीन जिलों बरेली, बदायूं और पीलीभीत की पांच महत्वपूर्ण सड़कों की मरम्मत और कायाकल्प के लिए 56.55 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत करते हुए पहली किस्त के तौर पर साढ़े पांच करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। राज्य सड़क निधि से जारी इस राशि से लोक निर्माण विभाग को न केवल गड्ढा मुक्ति अभियान को मजबूती मिलेगी, बल्कि ग्रामीण संपर्क मार्गों की स्थिति में भी सुधार होगा।

शासन से जारी धनराशि में बरेली में 5.85 किमी लंबे रिछा स्टेशन से गिरधरपुर होते हुए ग्राम राजूनगला बहेड़ी-शेरगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढीकरण पर 14 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसके लिए 1.37 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए गए हैं। बरेली में ही सेमीखेड़ा वसुधरन शेरगढ़ मार्ग के किमी 1 से 4 तक मार्ग के चौड़ीकरण पर 7.23 करोड़ खर्च होगा। बतौर पहली किस्त 70.64 लाख पीडब्ल्यूडी को मिल गए हैं। वहीं, सबसे बड़ा हिस्सा बदायूं को मिला है। यहां वजीरगंज उसैता मार्ग के चैनेज 0.570 से 4.470 और 4.600 से 5.050 तक में सुदृढ़ीकरण और चैनेज 5.500 से 6.500 तक चौड़ीकरण कार्य पर 7.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। काम शुरू कराने के लिए शासन ने 73 लाख रुपये आवंटित कर दिए गए हैं।

पुवायां तिलहर दातागंज बदायूं मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-126) से गुलड़िया लिंक मार्ग के किमी 1 से 2 (610) में मार्ग का चौड़ीकरण कार्य पर 29.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें 29 लाख रुपये का बजट पहली किस्त के तौर पर आवंटित कर दिया गया है। पीलीभीत में परेवा वैश्य मोड़ से ड्यूनीडाम मार्ग (चैनेज 9.380 से 19.080) और मझोला रोड से ड्यूनीडाम मार्ग (चैनेज 8.100 से 9.00) के चौड़ीकरण के लिए 25 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इसमें ढाई करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं को सख्त हिदायत दी गई है कि वह तत्काल टेंडर की प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूर्ण करें।

संबंधित समाचार