अखिलेश यादव के भाई प्रतीक ने अपर्णा यादव से तलाक लेने का किया ऐलान, पोस्ट में कही ये बड़ी बात

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं भाजपा नेत्री अपर्णा यादव 

लखनऊ, अमृत विचार : समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी और यूपी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव से तलाक लेने का ऐलान कर दिया है। इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए प्रतीक ने कहा कि, ''मैं जल्द ही इस स्वार्थी महिला से तलाक लेने जा रहा हूं, जिसने अपने स्वार्थ के लिए मेरा परिवार तोड़ा।'' 

https://www.instagram.com/p/DTrkawQjE__/?igsh=MTU3cTJzNmVuMmpseQ==

प्रतीक यादव ने पोस्ट में लिखा कि "उसने मशहूर होने और प्रभाव के लिए ये सब किया। अभी मेरी मानसिक स्थिति काफी खराब है और इसका कारण वही हैं। मेरा दुर्भाग्य है कि मैंने इस महिला से विवाह किया।"

अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव कारोबारी हैं। वह फिटनेस क्षेत्र में काम करते हैं। उनकी पत्नी अपर्णा यादव ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा ज्वॉइन कर ली थी। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपर्णा यादव के करीबी संबंध रहे हैं। अपर्णा के भाजपा में शामिल होने से सपा प्रमुख अखिलेश यादव असहज थे। 

हालांकि प्रतीक और अपर्णा के रिश्तों में कोई फर्क सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया। लेकिन इतने समय बाद प्रतीक यादव की पोस्ट ने सनसनी फैला दी है। प्रतीक यादव ने अपर्णा यादव पर उनके यानी मुलायम परिवार फूट डालने का आरोप लगाते हुए अलग होने का इरादा जाहिर कर दिया है। 

अपर्णा और प्रतीक यादव की शादी कब हुई थी? 

प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की शादी साल 2011 में हुई थी। उस समय मुलायम सिंह यादव परिवार पूरी तरह एकजुट था और समाजवादी पार्टी में कोई बड़ा टकराव नहीं दिखता था। मुलायम सिंह यादव स्वयं इस शादी के दौरान मौजूद थे और समारोह को काफी भव्य रूप दिया गया था।

यह शादी उस दौर की सबसे चर्चित शादियों में से एक थी, जिसमें बॉलीवुड के दिग्गज अमिताभ बच्चन समेत देश की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। सैफई और लखनऊ में आयोजित इस भव्य विवाह समारोह ने पूरे उत्तर प्रदेश में सुर्खियां बटोरी थीं।

https://www.instagram.com/p/DR2b3goDFUd/?utm_source=ig_web_button_share_sheet

अब रिश्तों में आई दरार 

बीते कुछ वर्षों से दोनों के बीच मतभेद की खबरें आती रही हैं। हाल ही में 4 दिसंबर 2025 को अपर्णा यादव के जन्मदिन पर प्रतीक उनके साथ नजर आए थे, लेकिन अब प्रतीक यादव के इंस्टाग्राम पोस्ट में अपर्णा पर लगाए गए गंभीर आरोपों और तलाक का ऐलान कर दिया है। प्रतीक ने पोस्ट में अपर्णा को "स्वार्थी" और "परिवार बर्बाद करने वाली" करार देते हुए तलाक की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।

यह घटना मुलायम परिवार में राजनीतिक और निजी स्तर पर गहरी खाई को एक बार फिर उजागर कर रही है, जहां पहले एकता की मिसाल दी जाती थी। अभी तक अपर्णा यादव की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

संबंधित समाचार