Bareilly: बोगस फर्में बनाकर 17.75 करोड़ की जीएसटी चोरी, बहेड़ी और इज्जतनगर थाने में FIR

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बोगस फर्में बनाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट के फर्जी अभिलेख तैयार कर 17.75 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी के मामले पकड़े गए हैं। बहेड़ी और इज्जतनगर थाने में दो फर्मों के प्रोपराइटरों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है। हिम ट्रेडर्स ने कई अन्य फर्मों को भी बड़े स्तर पर फर्जी तरह से लाभ पहुंचाया। सहायक आयुक्त गौरव सिंह और सहायक आयुक्त श्रुति पांडेय ने रिपोर्ट दर्ज कराई हैं।

राज्यकर खंड-05 के सहायक आयुक्त गौरव सिंह ने बताया है कि हिम ट्रेडर्स के विरुद्ध जाली जीएसटी अभिलेख तैयार करने, फर्जी चालान जारी करने एवं इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) की धोखाधड़ी पूर्ण पासिंग के संबंध में इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिव शक्ति मंदिर मिनी बाईपास रोड स्थित हिम ट्रेडर्स के प्रोपराइटर हिमांशु कुमार ने 22 नवंबर 2021 को फर्म का पंजीयन कराया। 

अभिलेखों की जांच में पता चला कि फर्म ने बिना वास्तविक माल की आपूर्ति एवं बिना कर भुगतान के फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट पास किया है। फर्जी आईटीसी उपभोग हस्तांतरित में 16 करोड़ 26 लाख 62609 रुपये की धनराशि वह राशि है जो बोगस प्रपत्रों के आधार पर क्लेम की गयी और सरकार को वास्तविक कर भुगतान किए बिना पास की गयी। हिम ट्रेडर्स द्वारा जारी फर्जी चालानों के आधार पर कई फर्मों ने आईटीसी का लाभ लिया। इससे राजस्व की क्षति हुई है।

लकड़ी कारोबार नहीं किया, 1.49 करोड़ राजस्व की क्षति
बहेड़ी थाने में दर्ज करायी रिपोर्ट में सहायक आयुक्त श्रुति पांडेय ने बताया है कि 14 अगस्त 2024 को विपणन अनुसंधान जांच शाखा ने आरएस टिंबर फर्म की जांच की। जांच में व्यापार स्थल पर कोई व्यापार होते नहीं पाया। फर्म प्रोपराइटर भी उपस्थित नहीं मिले। फर्म पूरी तरह से अस्तित्वहीन पायी गयी। रिपोर्ट में कहा है कि फर्म प्रोपराइटर ने 1.49 करोड़ की बोगस आईटीसी पासऑन की गयी। सहायक आयुक्त की तहरीर पर बहेड़ी पुलिस ने समरन जमाल निवासी फ्लैट नंबर 262/07 विलेज रामपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

संबंधित समाचार