भीषण सड़क हादसा: दिल्ली-लखनऊ हाइवे पर दो ट्रकों के बीच फंसी कार , मासूम समेत दो की मौत
रामपुर,अमृत विचार। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार दो ट्रकों के बीच फंसी कार में एक मासूम और एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बुजुर्ग महिलाएं और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही एएसपी अनुराग सिंह और थाना सिविल लाइंस के इंस्पेक्टर सहित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही फायर ब्रिगेड टीम ने कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत की। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि कार में कुल पांच लोग सवार थे। नूतन (56) पत्नी समरजीत, सूर्य प्रताप (30) पुत्र समरजीत, गिरीश कुमारी पत्नी रविंद्र सिंह, ऋतिक अरोड़ा (45) पुत्र अमित अरोड़ा, यथार्थ (3) साल, पुत्र अमित कार में मौजूद थे। हादसे में घायल यथार्थ और ऋतिक अरोड़ा को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायलों का इलाज जारी है।
