Bareilly: साइबर ठगों ने तीन लोगों के खाते से साफ कर डाले 7.50 लाख रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। साइबर ठगों ने रिटायर बैंक कर्मचारी समेत तीन लोगों को अपना शिकार बना लिया। तीनों के खाते से साइबर ठगों ने 7.50 लाख रुपये उडा़ लिए। जिसके बाद बारादरी, प्रेमनगर और इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं अधिकारियों की तरफ से लोगों से अपील करते हुए कहा गया है कि वह किसी भी अंजान की कॉल आने पर ओटीपी या बैंक खाते से संबंधित अन्य डिटेल नहीं दे।

रिटायर बैंक कर्मचारी के खाते से कटे 1.50 लाख
बारादरी थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी निवासी गोपालदास अग्रवाल ने बताया कि वह रिटायर बैंक कर्मचारी हैं। 16 जनवरी को उनके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को यूनियन बैंक का कर्मचारी बताकर एक एप्प मोबाइल में इंस्टाल करने को कहा। उसके बाद दूसरे मोबाइल नंबर से उसके वहाटसप पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का वीवाईओएम नाम से एक एप भेजा। जिसे उसने इंस्टाल कर लिया। उसके बाद उसका फोन हैक हो गया, जिसके बाद उसके खाते से 78744 रुपये, 50 हजार, 28744 रुपये कट गए। पीड़ित ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

युवक के खाते से उड़ाए एक लाख
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के अशोक विहार निवासी विकास सारस्वत ने बताया कि 13 जनवरी को उसके खाते से साइबर ठगों ने एक लाख रुपये काट लिए। जिसकी शिकायत उसने 1930 पर ऑनलाइन दर्ज कराई। पीड़ित की शिकायत पर इज्जतनगर पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

फोन हैक करके निकाले 5 लाख
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के दवारिकापुर निवासी अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया कि उसके खाते से साइबर फ्राड करके 4 लाख 98 हजार 686 रुपये कट गए। 17 जनवरी को ठगों ने कॉल करके उसका फोन हैक कर लिया। जिसके बाद खाते से रुपये कट गए। पीड़ित की तहरीर पर प्रेमनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार