बदायूं: महाराष्ट्र से की चोरी, पुलिस ने 1.50 करोड़ के सोने के साथ पकड़ा आरोपी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। महाराष्ट्र और अलापुर थाने की पुलिस ने चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तकरीबन 1.50 करोड़ रुपये के 1.168 किग्रा सोना बरामद हुआ है। आरोपी ने महाराष्ट्र के जिला सांगली के आटपाड़ी स्थित बैंक से रुपये और जेवरात चोरी किए थे। जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी ने बताया कि चोरी बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर आभूषण को पिघलाकर बिस्कुल में परिवर्तित करा दिया था। 

जिला सांगली के थाना आटपाड़ी क्षेत्र में 7 जनवरी की रात चोर बैंक के कार्यालय की खिड़की काटकर भीतर घुसे थे। प्राइवेट लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके चोरों की तलाश शुरू की थी। मुखबिर की सूचना पर अलापुर पुलिस ने सांगली की क्राइम ब्रांच टीम से संपर्क किया और घटना करने वालों के बारे में जानकारी दी। सांगली की क्राइम ब्रांच बदायूं आई और अलापुर पुलिस से संपर्क किया। फिर थाना पुलिस, एसओजी के साथ मिलकर गांव गभियाई से ईकरी जाने वाले मार्ग स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के पास आधी रात घेराबंदी की। वहां से गुजरे कस्बा ककराला के वार्ड चार निवासी राहुल शर्मा पुत्र रजमेश शर्मा को हिरासत में लिया।

उसके पास से सोना बरामद हुआ। पुलिस उस थाने ले आई और पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना करने की योजना बनाई थी। उसने दिल्ली से वहां के पंजीकरण नंबर की सेकेंड हैंड स्कार्पियो सात लाख रुपये में खरीदी। फिर अपने साथियों के साथ सांगली पहुंचा। अपने साथियों के साथ मिलकर किराए पर कमरा लिया। 7 जनवरी की रात अपने साथियों के साथ मिलकर आटपाड़ी बैंक से लगभग 30 किग्रा चांदी, 5.5 से 6 किग्रा सोना और लगभग साढ़े 4 लाख रुपये चोरी किए थे।

 उसके हिस्से में 1.168 किग्रा सोना आया था। उसने अपने साथी की मदद से सोने को पिघलाकर बिस्कुट के रूप में परिवर्तित किया था। जिसे बेचने के लिए वह घूम रहा था कि पुलिस ने पकड़ लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में अलापुर के थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह, ककराला चौकी प्रभारी सुमित कुमार, स्वाट टीम के प्रभारी निरीक्षक माधो सिंह बिष्ट, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक धर्वेंद्र कुमार के अलावा महाराष्ट्र पुलिस के निरीक्षक पंकज पवार, वहां की क्राइम ब्रांच के निरीक्षक जयदीप कलेकर रहे।

संबंधित समाचार