Lucknow News: 20 साल के इंतजार के बाद बनेगा हरा-भरा खेल का मैदान, निर्माण शुरू
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण का जानकीपुरम् सेक्टर-जे में बदहाल पड़ा खेल मैदान जल्द विकसित होगा। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर पार्क बनाने का कार्य शुरू हो गया है। अवस्थापना निधि से डेढ़ करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
एलडीए का जानकीपुरम सेक्टर-जे अंतर्गत कुर्सी रोड स्थित सेंट मैरी अस्पताल के पीछे वर्षों से खेल मैदान प्रस्तावित है। पूर्व में आधी-अधूरी बाउंड्रीवाल की गई थी। लेकिन, कार्य नहीं कराए गए। खेल मैदान तो नहीं बन पाया लेकिन, लोगों ने जगह कब्जा करके अस्थाई निर्माण कर लिया। ग्रेटर जनकल्याण महासमिति ने पार्क विकसित करने के लिए कई बार ज्ञापन दिया। लेकिन अफसरों ने ध्यान नहीं दिया। पिछले माह महासचिव विवेक शर्मा ने उपाध्यक्ष को पार्क से अवगत कराया। उपाध्यक्ष ने संज्ञान लेकर अवैध कब्जे हटवाए और अवस्थापना निधि से पार्क विकसित करने के लिए डेढ़ करोड़ रुपये स्वीकृत किए। लेआउट के अनुसार सोमवार को अभियंताओं के साथ पहुंची टीम ने पार्क का निर्माण भी शुरू कर दिया।
