बरेली: जिले में 104 विशेषज्ञों के पदों पर सिर्फ 26 विशेषज्ञ
अमृत विचार, बरेली। मरीजों को बेहतर इलाज देने का दावा करने वाला सेहत महकमा स्वयं ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के संकटों से जूझ रहा है। जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों के 104 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इन पदों पर महज 26 विशेषज्ञ चिकित्सक ही तैनात हैं। ऐसे में सरकारी अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों …
अमृत विचार, बरेली। मरीजों को बेहतर इलाज देने का दावा करने वाला सेहत महकमा स्वयं ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के संकटों से जूझ रहा है। जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों के 104 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इन पदों पर महज 26 विशेषज्ञ चिकित्सक ही तैनात हैं। ऐसे में सरकारी अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों को कैसे बेहतर इलाज प्रदान किया जाता है, ये तो स्वास्थ्य महकमे के अधिकारी ही जान सकते हैं।
शासनादेश के अनुसार जिले में प्रत्येक पीएचसी-सीएचसी पर एक विशेषज्ञ चिकित्सक, एक फिजीशियन, एक सर्जन, एक एनेस्थेटिस्ट, एक रेडियोलॉजिस्टि और एक गायनो कोलॉजिस्ट तैनात होने चाहिए। धरातल पर जिले की स्थिति बेहद चिंताजनक है, क्योंकि सीएचसी-पीएचसी में चिकित्सक की कमी होने की वजह से हालात ये भी है कि सीएचसी- पीएचसी पर सिर्फ एक चिकित्सक की ही तैनाती है। इस मामले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार बीते कई सालों से चिकित्सकों के कई पद रिक्त हैं, कई बार शासन को पत्र भेजकर चिकित्सकों की तैनाती की मांग की गई। लेकिन स्थिति जस की तस है। वहीं, जन प्रतिनिधियों को भी समस्या से अवगत कराया गया। लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
फैक्ट फाइल
– 50 लाख के करीब है जिले की आबादी
– 66 पीएचसी है जिले में
– 16 सीएचसी हैं जिले में
– जिले में कुल 230 चिकित्सकों के पद स्वीकृत
– इन 230 पदों पर सिर्फ 160 चिकित्सक तैनात
– 9 चिकित्सक लंबे समय से अनुपस्थित
– 1000-1500 मरीज रोजाना आते है जिला अस्पताल में
– जिला अस्पताल में चिकित्सकों के 43 पद स्वीकृत
– इन 43 पदों पर तैनात है सिर्फ 30 चिकित्सक
विभाग में चिकित्सकों के स्वीकृत पदों के सापेक्ष तैनाती काफी कम है, तैनाती को लेकर शासन से कई बार पत्र भेज कर मांग की गई, लेकिन अभी तैनाती नहीं हो सकी है। कम संसाधनों में भी विभाग मरीजों को उचित इलाज देने में प्रयासरत है।
-डा. वीके शुक्ल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
