महोबा मंत्री-विधायक विवाद पर पंकज चौधरी बोले- पार्टी ने लिया है मामले का संज्ञान

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। महोबा में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत के बीच हुई तीखी नोकझोंक को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पूरा मामला पार्टी के संज्ञान में है। इस मामले में दोनों नेताओं से बात कर ली गई है। प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने मंगलवार को लखनऊ पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बातें कहीं। 

 यह बजट देश के भविष्य का स्पष्ट विजन

वहीं, केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया देते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि यह बजट केवल वित्तीय लेखा-जोखा नहीं, बल्कि देश के भविष्य का स्पष्ट विजन है। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस समावेशी विकास पर है और यह बजट विकास का एक मजबूत ब्लूप्रिंट प्रस्तुत करता है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इसमें सात नई हाई-स्पीड कॉरिडोर की घोषणा की गई है, जिससे उत्तर प्रदेश को बड़ा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी कई अहम कदम उठाए गए हैं, जिनका सीधा फायदा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को होगा। 

उन्होंने कहा कि सरकार 'मेक इन इंडिया' को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। ग्लोबल बायो-फार्मा, सेमीकंडक्टर जैसे आधुनिक और भविष्य उन्मुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर क्षेत्र में देश को आगे ले जाने की कवायद की जा रही है।

पंकज चौधरी ने बताया कि एमएसएमई सेक्टर पर सरकार का विशेष फोकस है। युवाओं को स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से रोजगार के योग्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कृषि क्षेत्र में भी पहले की तुलना में अधिक बजट आवंटन किया गया है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह बजट पुराने वर्षों से चली आ रही जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ नए विजन के साथ देश को विकास की नई दिशा देने वाला है। 

वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा उठाए गए सवालों पर पलटवार करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव स्वयं अपने बयानों को लेकर भ्रम की स्थिति में हैं। उन्होंने पहले ही इस विषय पर बयान दे दिया है और अब बार-बार अलग-अलग बातें कर रहे हैं। 

संबंधित समाचार