कानपुर : झकरकटी बस अड्डा या झील, सारी बसें रुट पर, लगा भीषण जाम, यात्री परेशान
कानपुर, अमृत विचार। शहीद मेजर सलमान खान अंतर्राज्यीय झकरकटी बस अड्डा में बारिश का पानी भरने से झील में तब्दील हो गया जिससे सारी बसें रुट पर ही खड़ी हो गईं और दिनभर भीषण जाम लगा रहा। हजारों यात्री परेशान रहे और बस अड्डा के अंदर जाने से बजाए सड़क पर ही बस का इंतजार करते रहे। मंगलवार को सुबह आंधी बारिश ने पूरे शहर को बेहाल कर दिया लेकिन सबसे ज्यादा परेशानी झकरकटी बस अड्डे पर आई। यहां बड़े बड़े गड्ढों में जलभराव हो गया जिससे चालक बसों को अंदर ले जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके
15 साल से पीपीपी मॉडल के चक्कर में यात्री परेशान
पिछले 15 वर्षों से झकरकटी बस अड्डे को पीपीपी मॉडल के तहत संवारने की कवायद चल रही है लेकिन कोई न कोई ऐसा पेंच फंस जाता है कि निर्माण की शुरुआत नहीं हो पाती। अब फिर पीपीपी मॉडल का टेंडर हुआ है लेकिन फिर निर्माण रुकता नजर आ रहा है। जितनी बार बस अड्डे को दुरुस्त करने की कोशिश होती तो पीपीपी मॉडल का हवाला देकर बस अड्डे की दिक्कत ठीक नहीं कराई जाती।

झकरकटी का जाम अफीमकोठी तक
झकरकटी बस अड्डा के बाहर बसें सवारी उतार रही हैं और सवारी ले रही हैं। इसलिये सड़क पर ही सैकड़ों यात्री बस का इंतजार कर रहे हैं। नतीजा ये है कि टाटमिल चौराहे का जाम अफीमकोठी तक पहुंच रहा है। बस अड्डा के सामने वाली पट्टी में सड़क पर ही बसें खड़ी हैं, हालांकि यहां ट्रैफिक की टीम लग ीहै लेकिन उनकी कोई सुनने वाला नही है।
घुटनों तक कीचड़ में फंस रही बसें
झकरकटी बस अड्डा के अंदर जो बसें अड्डे के अंदर आ गईं, उन्हें भारी मुसीबत का सामना उठाना पड़ा क्योंकि बस अड्डा के बाहर निकलने का एक मात्र रास्ता पुल के नीचे से है लेकिन पुल के नीचे से ही रेलवे गेट तक घुटनों तक कीचड़ भरा है जिसमें बसें फंस रही हैं। यदि ये सर्विस लेन बन जाए तो बसों को निकलने की दिक्कत खत्म हो जाएगी।
फजलगंज डिपो में भी भारी जलभराव
चुन्नीगंज बस अड्डा के अंदर फजलगंज डिपो है जिनमें डिपो की बसें रहती है लेकिन सुबह बारिश के कारण फजलगंज डिपो में भी पानी भर गया। चुन्नीगंज बस अड्डे को सुधारने की कोशिश की गई है लेकिन फिर भी बस अड्डे के अंदर जलभराव की स्थिति बनी रही।
