4.93 लाख आबादी को मिलेगी फाइलेरिया से सुरक्षा, तारुन-मयाबजार में घर-घर चलाया जाएगा बचाव अभियान
10 से चलेगा अभियान, 4.93 लाख आबादी को मिलेगी सुरक्षा
अयोध्या, अमृत विचार : राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले के तारुन और मयाबजार विकासखंडों में 10 से 28 फरवरी तक सामूहिक दवा सेवन अभियान चलाया जाएगा। दोनों ब्लॉकों की कुल लक्षित आबादी लगभग 4.93 लाख है। अभियान के लिए 87 सुपरवाइजर और 495 टीमें गठित की गई हैं। जो घर-घर जाकर पात्र व्यक्तियों को अपने सामने दवा सेवन कराएंगी। सभी ग्राम पंचायतों में अभियान का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वयं दवा सेवन कर लोगों को प्रेरित करते हुए किया जाएगा।
यह जानकारी मंगलवार को सीएमओ सभागार में आयोजित मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला में सीएमओ डॉ. देवेन्द्र कुमार भिटौरिया ने दी। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन की सबसे बड़ी चुनौती लोगों की फाइलेरिया से बचाव की दवा सेवन में संकोच और भ्रांतियां हैं। कई लोग स्वयं को स्वस्थ समझकर दवा सेवन से इनकार कर देते हैं या दुष्प्रभाव की भ्रांति से पीछे हट जाते हैं। जनपद में वर्तमान में 1334 हाथी पांव और 11 हाइड्रोसील मरीज पंजीकृत हैं। यह बीमारी व्यक्ति को आजीवन कमजोर बना देती है जिससे पूरे परिवार की आजीविका प्रभावित होती है।एसीएमओ डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव, डॉ. दीपक पांडे, डीएचईआईओ डीपी सिंह आदि मौजूद रहे।
टीम की निगरानी में खिलाई जाएगी दवा
एसीएमओ एवं बीवीडी नोडल अधिकारी डॉ. पीसी भारती ने बताया कि हालिया नाइट ब्लड सर्वे में तारुन और मयाबजार संवेदनशील पाए गए हैं। इसलिए यहां की आबादी को फाइलेरिया से बचाव के लिए 12.32 लाख डीईसी, 12.32 लाख आइवरमेक्टिन और 4.93 लाख एल्बेंडाजोल टैबलेट राज्य मुख्यालय से उपलब्ध कराई गई हैं। गर्भवती महिलाओं, दो वर्ष से छोटे बच्चों और गंभीर रोगियों को छोड़कर सभी को दवा स्वास्थ्य कर्मियों के सामने खिलाई जाएगी। कहा कि दवा सेवन के बाद हल्का बुखार या चक्कर आना सामान्य है। ऐसा सूक्ष्म कृमियों के नष्ट होने के कारण होता है और जल्द ठीक हो जाता है। गंभीर स्थिति के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीम रहेगी।
नौ ब्लॉक में खिलाई जाएगी एब्लेंडाजोल की दवा
जिला मलेरिया अधिकारी मंजुला आनंद ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्त दिवस 10 फरवरी को एवं शेष छूटे हुए बच्चों को मॉप अप राउंड 13 फरवरी को एल्बेंडाजोल दवा खिलाई जाएगी। जिले के दो ब्लॉक मया बाजार एवं तारुन को छोड़ कर शेष नौ ब्लॉकों एवं शहरी क्षेत्र में एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। कहा कि 16 से 27 फरवरी तक एमआर कैंपेन चलाया जाएगा, जिसमें जिले के सभी 5 से 10 वर्ष के सभी बच्चों को एमआर वैक्सीन की एक अतिरिक्त डोज दी जाएगी। जनपद में 2600 स्कूल/ मदरसा के माध्यम से लगभग 189000 बच्चों को मीजल्स रूबेला का अतिरिक्त डोज दिया जाएगा।
