‘उम्मीद की यात्रा’ ....विश्व कैंसर दिवस से पहले यूपी पर्यटन की संवेदनशील पहल, कैंसर मरीजों ने किया ‘लखनऊ दर्शन’
लखनऊ, अमृत विचार: विश्व कैंसर दिवस से पूर्व मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने एक विशेष पहल की। उपचार के कठिन दौर से गुजर रहे एक अस्पताल के 30 कैंसर मरीजों को ‘लखनऊ दर्शन’ डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस के माध्यम से शहर भ्रमण कराया गया। यह विशेष टूर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित हुआ, जो नियमित सेवाओं से अलग था।
इस यात्रा का उद्देश्य मरीजों को इलाज के तनाव से कुछ पल की राहत देना और उन्हें लखनऊ की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना था। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की मौजूदगी में आयोजित इस भ्रमण के दौरान मरीजों के चेहरों पर सुकून और उम्मीद साफ नजर आई।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल पर्यटन नहीं, बल्कि संवेदना और सकारात्मक ऊर्जा से जुड़ा प्रयास है। मरीजों को खुले वातावरण में लाकर उनका मनोबल बढ़ाना इस पहल का मूल उद्देश्य है। मरीजों ने भी इसे यादगार अनुभव बताया। मरीज रजनी वर्मा और अरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि इस यात्रा ने उन्हें फिर से खुशी और आत्मविश्वास दिया। डॉक्टरों के अनुसार, ऐसे अनुभव मरीजों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी होते हैं।
