PM मोदी की बायोपिक 'मां वंदे' का पहला शेड्यूल पूरा: मेकर्स ने शेयर की तस्वीर, कश्मीर में होगी शूटिंग 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक 'मां वंदे' का पहला शेड्यूल हैदराबाद में पूरा कर लिया गया है। फिल्म 'मां वंदे' में उन्नी मुकुंदन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर सेट से बिहाइंड द सीन तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें इस बड़े और महत्वाकांक्षी बायोग्राफिकल ड्रामा की पहली झलक देखने को मिलती है। हैदराबाद शेड्यूल की शुरुआत शुभ मुहूर्त में पारंपरिक पूजा के साथ हुई थी, जिसके बाद फिल्म के कई अहम सीन शूट किए गए। इस चरण के पूरा होते ही अब टीम अगले शेड्यूल के लिए कश्मीर का रुख करने वाली है। 

सामने आई बीटीएस तस्वीरों में सेट के दिलचस्प पल कैद हैं, जहां निर्देशक क्रांति कुमार सी. एच. उन्नी मुकुंदन के साथ नजर आ रहे हैं। 'मां वंदे' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन सफर से प्रेरित एक बायोग्राफिकल ड्रामा है।इस प्रोजेक्ट का ऐलान सितंबर 2025 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर किया गया था और इसे इंटरनेशनल प्रोडक्शन स्टैंडर्ड्स और मजबूत तकनीकी स्तर के साथ भव्य पैमाने पर बनाया जा रहा है।

इस फिल्म का निर्माण वीर रेड्डी एम. ने किया है, जबकि इसकी कहानी और निर्देशन क्रांति कुमार सी. एच. ने संभाला है। 'मां वंदे' में एक जबरदस्त टेक्निकल टीम साथ आई है, जिसमें एक्शन डायरेक्टर किंग सोलोमन, प्रोडक्शन डिजाइनर साबू सायरिल, एडिटर श्रीकर प्रसाद, सिनेमैटोग्राफर के. के. सेंथिल कुमार और म्यूजिक कंपोजर रवि बसुर शामिल हैं। इस टीम के नाम बाहुबली और सालार जैसी यादगार फिल्मों का अनुभव है, वहीं केजीएफ की धमाकेदार धुनों से रवि बसुर पहले ही अपनी पहचान बना चुके हैं। 

 

ये भी पढ़ें :
'बॉर्डर 2' बॉक्स ऑफिस: होम ग्राउंड पर फिल्म का जलवा जारी, अबतक किया इतने का बिजनेस 

संबंधित समाचार