लखनऊ में छात्रों का खूनी संघर्ष: पुनर्वास विश्वविद्यालय और पॉलिटेक्निक के बीच पथराव, कई गाड़ियों में तोड़फोड़, आधा दर्जन से अधिक घायल
लखनऊ, काकोरी, अमृत विचार: पारा के मोहान रोड स्थित राजकीय गोविंद बल्लभ पंत पॉलिटेक्निक परिसर में छात्रों और डॉ. शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय के छात्रों के बीच जमकर बवाल हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना के दौरान परिसर में खड़ी कई मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। मारपीट में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि छात्र राहुल त्यागी और शिवा राव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद डॉ शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय के दर्जनों छात्रों को बुला लिया गया, जिससे मामला और उग्र हो गया।
3.png)
हमले में पुनर्वास विश्वविद्यालय के बी-फॉर्मा तृतीय वर्ष के छात्र गौरव द्विवेदी का सिर फट गया, बीकॉम द्वितीय वर्ष के आदित्य मिश्रा के हाथ में चोट आई। बीपीओ प्रथम वर्ष के दिव्यांग छात्र हर्षित पांडेय को नाम पूछने के बाद जातिसूचक टिप्पणी करते हुए पीटा गया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई। बीटेक तृतीय वर्ष के छात्र आदर्श सिंह के पैर में चोट आई है। वहीं पिंक सिटी में रेस्टोरेंट संचालक हिमांशु सिंह और बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र अखंड राय भी हमले में घायल हुए। मारपीट व तोड़फोड़ में अखंड राय की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि हमलावरों ने एक स्कूटी की डिग्गी तोड़कर उसमें रखे तीन मोबाइल फोन, एक घड़ी, कीमती चश्मा और करीब पांच हजार रुपये निकाल लिए।
3.png)
बवाल के दौरान कुछ छात्रों ने तीन वाहनों में आग लगाने का भी प्रयास किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां भांजकर हालात काबू में किए, लेकिन इस दौरान उग्र छात्रों ने पुलिस पर भी ईंट-पत्थर फेंके। जवाबी लाठीचार्ज के बाद स्थिति को पुलिस ने संभाला। छात्रों का आरोप है कि उन्होंने पहले एंटी-रैगिंग के डायरेक्टर जय प्रकाश से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद प्रधानाचार्य केके श्रीवास्तव से भी गुहार लगाई गई, जहां उन्हें बाहर जाने को कहकर केवल पॉलिटेक्निक के एक छात्र से अकेले में बात करने की बात कही गई। मोहान रोड पुलिस चौकी प्रभारी ओम प्रकाश तिवारी ने बताया कि छात्रों के बीच आपसी विवाद हुआ था। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।
