बाराबंकी : कलेक्ट्रेट में वकीलों का जोरदार प्रदर्शन, मांगों को लेकर दिया ज्ञापन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जिला बार एसोसिएशन के बैनर तले वकीलों का टोल माफ करने आदि मांगों को लेकर बड़ी संख्या में जुटे अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। एडीएम को दिए गए ज्ञापन में शामिल विभिन्न मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई है।

अध्यक्ष नरेन्द्र वर्मा की अगुवाई में हुए प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता प्रोटेक्शन कानून लागू करने, बाराबंकी को अयोध्या मंडल से हटाकर लखनऊ मंडल में शामिल करने, जूनियर अधिवक्ताओं को प्रोत्साहन स्वरूप नगद भत्ता दिए जाने, 70 वर्ष पूर्ण कर चुके अधिवक्ताओं को पेंशन प्रदान करने तथा असामयिक निधन होने पर अधिवक्ता की पत्नी को 20 हजार रुपये मासिक गुजारा भत्ता देने की मांग उठाई। 

इसके अलावा जनपद के शहाबपुर, अहमदपुर और हैदरगढ़ स्थित टोल प्लाजा पर अधिवक्ताओं का टोल टैक्स माफ करने तथा कलेक्ट्रेट परिसर में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई। जिलाधिकारी के तहसील दिवस में व्यस्त होने के कारण अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को प्रेषित कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री को भेजे जाने वाले ज्ञापन की सूचना भी जिला बार एसोसिएशन को उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रदर्शन में रितेश मिश्रा, पवन मिश्रा, मनोज सिंह, देवराम यादव, अनुराग शुक्ला, नवीन रस्तोगी, पंकज रावत, राहुल वर्मा, देशराज वर्मा, बृजेश वर्मा, उदयभान वर्मा, सीबी सिंह, रमन द्विवेदी, राहुल मिश्रा, ज्ञान सिंह, रवि यादव, दिवाकांत रावत, जुहेर दानिश, अकरम भारती, कुलदीप शैनी, राजेश सिंह, निधीस सिंह, कौशल किशोर त्रिपाठी, शैलेन्द्र वर्मा, प्रणय बाजपेयी, अनिल यादव, अमित वर्मा, रोहित यादव, संजय यादव आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।

संबंधित समाचार