Moradabad: अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत, लापरवाही का आरोप
पाकबड़ा, अमृत विचार। अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत पर गुस्साए परिजनों ने डॉक्टर एवं अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर पोस्टमार्टम कराने के लिए मनाया।
थाना क्षेत्र मैनाठेर के निवासी नन्हें ने गर्भवती पत्नी रीना(32) को पाकबड़ा के नया मुरादाबाद सेक्टर 5 में स्थित के एक निजी अस्पताल में शुक्रवार को भर्ती कराया था। बताया कि अस्पताल वालों ने कहा कि ऑपरेशन होना है। जिस पर सहमति के बाद ऑपरेशन से बेटी पैदा हुई। रात करीब 12:00 बजे के आसपास रीना की हालत बिगड़ने लगी तो डॉक्टर व स्टॉफ से कहीं और ले जाने की बात कही, लेकिन अस्पताल वालों ने नहीं ले जाने दिया।
कहते रहे कि ठीक हो जाएगी, कुछ देर बाद ही रीना ने दम तोड़ दिया। इससे गुस्साए परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए रात में ही हंगामा कर दिया। स्टाफ वहां से भाग निकला। हंगामा की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया। सुबह पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव घर ले गए।
स्वास्थ्य विभाग को सूचना हुई। शनिवार दोपहर को स्वास्थ्य विभाग से डॉक्टर विकास कुमार टीम के साथ अस्पताल में पहुंचे। उन्होंने दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया। डॉ. विकास कुमार ने बताया कि टीम के साथ गए थे। सभी कागज लिए गए हैं। रिपोर्ट सीएमओ को देंगे। उनका जो आदेश होगा उसके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
