Etawah News : पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति को कुल्हाड़ी से काटा, इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
भरथना/इटावा, अमृत विचार। थाना भरथना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पड़ियापुर में युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की बीती रात कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि इस वारदात को मृतक की पत्नी पूजा ने अपने प्रेमी अर्पित के साथ मिलकर अंजाम दिया। घटना के बाद पत्नी अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर फरार हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।
मृतक रणवीर सिंह यादव पुत्र लाखन सिंह पर धारदार हथियार कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह हत्या की खबर फैलते ही गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। मृतक के भाई लालू ने बताया कि रणवीर की शादी वर्ष 2018 में पूजा से हुई थी। काफी समय से पूजा का प्रेम संबंध अर्पित नाम के युवक से चल रहा था।इस बात की जानकारी परिवार के लोगों को भी दी गई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया।
आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रणवीर की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। परिजनों के अनुसार मृतक की दो छोटी बच्चियां भी हैं। हत्या के बाद पूजा दोनों बच्चियों को अपने साथ लेकर फरार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही थाना भरथना पुलिस और एसपी ग्रामीण मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी मौके से बरामद कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही।
