Bareilly: वैग्माइन को 30 साल के लिए मिला अर्बन हाट का ठेका
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विकसित अर्बन हाट एंड हैंडीक्राफ्ट सेंटर के संचालन को लेकर एक बड़ा महत्वपूर्ण फैसला गया है। विकास भवन के पास 46,135 वर्ग मीटर की जमीन पर 157.67 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस बहुउद्देश्यीय हाट का ठेका 30 साल के लिए बेंगलुरु की वैग्माइन इंटरप्राइजेज कंपनी को सौंपा है। एजेंसी ने सोमवार को इसकी रजिस्ट्री पूरी कर ली है। इस दौरान 59.70 लाख रुपये रजिस्ट्रेशन फीस और 2.38 करोड़ के ई-स्टांप शुल्क जमा किए। रजिस्ट्रेशन फीस और ई-स्टांप शुल्क का भुगतान के बाद संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
अर्बन हाट एंड हैंडीक्राफ्ट सेंटर को शहर के लिए एक प्रमुख व्यावसायिक, सांस्कृतिक और सामाजिक केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। निर्माण कार्य का ठेका 7 सितंबर 2021 को मैसर्स आरपीपी इंफ्रा को दिया गया था। करीब ढाई साल की मेहनत के बाद 30 दिसंबर 2023 को सेंटर पूरी तरह तैयार हो गया। सोमवार को रजिस्ट्री समेत सभी प्रक्रियाएं पूरी होने पर हाट के सारे अधिकार और संचालन सीधे वैग्माइन इंटरप्राइजेज के नियंत्रण में आ गए।
स्मार्ट सिटी अधिकारियों के अनुसार, यह सेंटर बरेली के हस्तशिल्प और उद्यमिता क्षेत्र को नई पहचान देने के साथ ही शहर में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती देगा। एजेंसी के मालिक मोनू कुमार ने बताया कि सोमवार को अर्बन हाट की रजिस्ट्री करा ली गई है। अगले 30 वर्षों यानी 2056 तक एजेंसी इसके संचालन, रखरखाव और गतिविधियों का जिम्मा संभालेगी। कहा कि उनका उनका फोकस सेंटर के रखरखाव, गतिविधियों और प्रशासनिक कामकाज को व्यवस्थित तरीके से चलाने पर होगा। लंबे समय तक संचालन का यह समझौता अर्बन हाट की स्थिरता और निरंतरता सुनिश्चित करेगा।
सीईओ बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि अर्बन हाट परियोजना शहर के विकास और स्थानीय कारीगरों के लाभ के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। वैसे तो कंपनी को ठेका पहले ही दिया जा चुका था, लेकिन सोमवार को वैग्माइन इंटरप्राइजेज ने कानूनी रूप से रजिस्ट्री कर पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली है।
