वाराणसी : दालमंडी आग प्रकरण में दो नामजद समेत कई अन्य पर मुकदमा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

वाराणसी। वाराणसी दालमंडी में मार्ग चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चल रही है। इसी बीच सोमवार को एक दुकानदार ने विरोध जताते हुए छज्जे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी थी।

इस प्रकरण में दालमंडी चौकी प्रभारी प्रकाश सिंह चौहान की तहरीर पर अजमत, फारूक खान तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ चौक थाने में बीएनएस की धारा 221 तथा 7 सीएल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

मंगलवार को सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि फारूक को पकड़ लिया गया है, जबकि अजमत अभी भी फरार है। अजमत ने ही आग लगाई थी। कल जिन 21 जर्जर मकानों को ध्वस्त करना था, आज भी उन बचे हुए मकानों के ध्वस्तीकरण का कार्य जारी रहेगा।

टीम द्वारा चिन्हित भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। अब तक 30 से अधिक मकानों को ध्वस्त किया जा चुका है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि जर्जर भवनों के स्वामियों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है।

वहीं, दालमंडी में चल रही कार्रवाई का विरोध अब पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी शुरू कर दिया है। कार्रवाई के दौरान महिलाएं घरों से बाहर निकलकर लगातार विरोध कर रही हैं। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर कई थानों की फोर्स के साथ पीएसी तैनात की गई है और ड्रोन से निगरानी की जा रही है।

संबंधित समाचार