UP: ड्राइवर का इरादा नहीं था नेक ! दुल्हन की कार लेकर होने लगा फरार तो बरातियों ने किया हंगामा
बबराला, अमृत विचार। बबराला में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब दुल्हन और महिलाओं को लेकर जा रही कार का चालक अचानक तेज रफ्तार से कार लेकर सुनसान इलाके की तरफ भाग निकला। लोगों ने कार का पीछा किया तो चालक रास्ते में कार छोड़कर फरार हो गया। मामले को लेकर थाने पर जमकर हंगामा हुआ और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए।
नगर के बाघऊ मार्ग निवासी विशाल कुमार की चचेरी बहन का विवाह 11 फरवरी को है। रिश्तेदारों के आवागमन के लिए विशाल ने थाने के पास स्थित टैक्सी स्टैंड से चालक तरन सिंह की कार बुक की थी। बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हयातनगर में गोद भराई के लिए दुल्हन परिवार की तीन अन्य महिलाओं के साथ कार में सवार हुई। महिलाओं ने सोने के आभूषण भी पहन रखे थे।
परिवार का कोई पुरुष सदस्य कार में बैठ पाता, उससे पहले ही चालक तरन सिंह अचानक कार को तेज गति से लेकर निकल गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। परिजन बाइकों से कार का पीछा करने लगे। चालक कार को तेज रफ्तार से राजघाट रोड की ओर ले गया। कार में बैठी दुल्हन और अन्य महिलाएं भयभीत होकर चीखने-चिल्लाने लगीं। महिलाओं की आवाज सुनकर राहगीरों ने भी वाहनों से कार का पीछा शुरू कर दिया। पीछा होते देख चालक ने कार सड़क पर रोक दी और मौके से फरार हो गया।
विशाल ने पुलिस को जानकारी दी। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए। आरोप है कि पुलिस द्वारा चालक का पक्ष लिए जाने से लोगों में आक्रोश फैल गया और पुलिस व परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पीड़ित पक्ष ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में तहरीर सौंप दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
