Moradabad: पाकबड़ा और नया मुरादाबाद में सील किए अस्पताल दोबारा संचालित

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। अनियमितताओं के बावजूद निजी अस्पतालों के बेखौफ संचालन स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल है। कई अस्पताल सील करने के बाद दोबारा शुरू हाे गए। सेक्टर-5 स्थित क्योर अस्पताल का मामला भी गंभीर है। बीते दिनों यहां इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई।

 महिला के परिजनों ने अस्पताल संचालकों पर लापरवाही का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन अब तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे पहले करीब डेढ़ महीने पहले इसी अस्पताल में एक बच्चे की भी मौत हो चुकी है।

करीब तीन माह पहले इसी क्योर अस्पताल में एक महिला के ऑपरेशन के दौरान पेट में कॉटन छोड़े जाने का मामला भी सामने आया था। ऑपरेशन के बाद महिला को लगातार दर्द होता रहा। जब परिजन उसे इलाज के लिए मुरादाबाद ले गए, तब जांच में पेट के अंदर कॉटन होने की पुष्टि हुई। बावजूद अस्पताल का संचालन जारी है। पाकबड़ा के समाथल रोड स्थित उजाला हेल्थ केयर को एक साल पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अनियमितता मिलने पर सील किया था, लेकिन कार्रवाई महज औपचारिक साबित हुई। 

अस्पताल को सील किए जाने के एक सप्ताह के भीतर ही संचालकों ने दोबारा अस्पताल का संचालन शुरू कर दिया। नया मुरादाबाद के सेक्टर-5 में स्थित अल्फा हॉस्पिटल को करीब डेढ़ साल पहले सील किया गया था। दो-तीन दिन बाद ही अस्पताल दोबारा चलने लगा।

सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि सील किए गए अस्पतालों का दोबारा संचालन गंभीर मामला है। इसकी जांच करा रहे हैं। दोषी पाए जाने पर अस्पताल प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

संबंधित समाचार