कानपुर : 8 स्कूलों में निखारा जाएगा बच्चों का कौशल, कक्षा 9 से 12 तक के 2555 बच्चों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
कानपुर, अमृत विचार। जिले के 18 माध्यमिक स्कूलों में अब बच्चों का कौशल निखारा जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की ओर से लक्ष्य जारी कर दिया गया है। प्रशिक्षण के दौरान 2555 बच्चों को शामिल किया जाएगा। बच्चों को आईटी, ब्यूटी एंड वेलनेस, फूड प्रोसेसिंग व अपेरल जैसे ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण दिए जाने वाले स्कूलों में कम से कम 105 व अधिक से अधिक 210 बच्चों को शामिल किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की ओर से जिले को जारी लक्ष्य पर 15 से काम शुरू हो जाएगा। माना जा रहा है कि बोर्ड परीक्षाओं के बाद नए सत्र से इन स्कूलों में प्रशिक्षण की शुरुआत होगी। नए स्कूलों में प्रशिक्षण शुरू होने के साथ ही जिले में कौशल विकास का प्रशिक्षण की सुविधा 22 स्कूलों में पूरी हो गई है। इसकी वजह पूर्व में 4 स्कूलों में दिया जाने वाला प्रशिक्षण भी शामिल हैं।
मिशन से जुड़े अधिकारियों की माने तो स्कूल स्तर पर प्रशिक्षण हासिल करने के बाद स्कूली बच्चे भविष्य में अपने कौशल के जरिए रोजगार हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा कौशल में निखार कर अपना खुद का काम भी शुरू कर सकते हैं। उधर स्कूलों में कौशल विकास का प्रशिक्षण बच्चों को स्कूल के बाद प्रोफेशनल कोर्स किए जाने की भी राह आसान कर सकता है।
बच्चों को मिलने वाली नई सुविधा पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के जिला प्रबंधक संजय कुमार सिंह ने बताया कि मिशन की ओर से जिले में जक्ष्य जारी कर दिया गया है। जारी हुए लक्ष्य पर काम शुरू हो गया है। जल्द ही बच्चों को उनके स्कूलों में ही ट्रेड संबंधी प्रशिक्षण दिया जाना शुरू हो गया है। ऐसे स्कूल जहां पर प्रशिक्षण दिया जाना है सभी स्कूलों को सूचना भेज दी गई है। अब वे स्कूल भी प्रशिक्षण संबंधी तैयारियां शुरू कर सकेंगे।
इन स्कूलों में प्रशिक्षण
ऐसे स्कूल जहां पर बच्चों को कौशल विकास के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा उनमें बीपीएमजीआई कॉलेज मंधना, हलीम मुस्लिम इंटर कॉलेज, सेवा मंदिर उत्तरी पुरा, क्राइस्ट चर्च कॉलेज, सिद्दिक फैज इंटर कॉलेज शामिल हैं। इसी तरह बालिका विद्यालय की आत की जाए तो जुहारी देवी इंटर कॉलेज, कानपुर विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, एसएन सेन बालिका विद्यालय में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उधर अन्य कॉलेजों में बीएनएसडी इंटर कॉलेज, बिल्हौर इंटर कॉलेज, श्रीहरि गोपाल इंटर कॉलेज सेन पश्चिम पारा, बीआरडी कॉलेज बिल्हौर, जन शिक्षण इंटर कॉलेज, नेहरू विद्यालय इंटर कॉलेज, एसएनएसडी इंटर कॉलेज, विद्या भवन इंटर कॉलेज अरौल, के कन्या इंटर कॉलेज किदवई नगर व राम सहाय इंटर कॉलेज शामिल हैं।
